पंजाब में ‘पंजाब दा करोड़पति’ क्विज प्रतियोगिता शुरू, विजेता को मिलेगा एक करोड़ रुपये का पुरस्कार

पंजाब के युवाओं को सरकार करोड़पति बनने का मौका दे रही है। इसके लिए मान सरकार ने पंजाब दा करोड़पति प्रतियोगिता की शुरुआत की है। इसमें 15 से 30 वर्ष तक युवा शामिल हो सकते हैं। प्रथम विजेता को एक करोड़ रुपए का इनाम मिलेगा।

चंडीगढ़,एजेंसी। पंजाब सरकार ने युवाओं को शिक्षा, सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता ‘पंजाब दा करोड़पति’ शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के अनुसार, इस प्रतियोगिता में पंजाब के 23 जिलों के 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता के विजेता को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा चार उपविजेताओं को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड में स्थान बनाने वाले आठ अन्य प्रतिभागियों को पांच-पांच लाख रुपये देने का प्रावधान किया गया है।

सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं की बौद्धिक क्षमता बढ़ाने के साथ उन्हें पढ़ाई और ज्ञान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को किताबों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को अवसर देने पर जोर दिया है। प्रतियोगिता में अलग-अलग चरणों के दौरान 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और सम्मान देने की भी योजना है।

मान सरकार इससे पहले वर्ष 2022 में ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ की शुरुआत कर चुकी है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों और शहरों के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना है। सरकार के मुताबिक, इस पहल के माध्यम से अब तक करीब 10 लाख खिलाड़ियों को जोड़ा गया है और उन्हें लगभग 26 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई है। अब ‘पंजाब दा करोड़पति’ के जरिए युवाओं की शैक्षणिक और बौद्धिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रतियोगिता के लिए करीब 50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार किया जाएगा। इसमें पंजाब का इतिहास, भूगोल, कला-संस्कृति, गणित, सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं और शासन व्यवस्था से जुड़े विषय शामिल होंगे। सवालों का स्वरूप कांस्टेबल, पटवारी और पंजाब लोक सेवा आयोग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी उपयोगी रखने की योजना है। प्रत्येक सवाल के चार विकल्प होंगे और प्रतिभागियों को जवाब देने के लिए 20 सेकंड का समय मिलेगा। सही उत्तर की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि प्रतिभागी अपनी गलतियों से सीख सकें।

प्रतियोगिता के शुरुआती नौ चरण ऑनलाइन आयोजित होंगे। इसके बाद प्रत्येक जिले के शीर्ष दस प्रतिभागी जिला स्तरीय मुकाबले में पहुंचेंगे। इस तरह कुल 230 प्रतिभागियों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक जिले से चयनित विजेता 17 दिसंबर को प्रस्तावित राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगे, जहां एक करोड़ रुपये के शीर्ष पुरस्कार के लिए मुकाबला होगा।

आयोजित कार्यक्रम के अनुसार, पंजीकरण की अंतिम तारीख 28 नवंबर निर्धारित की गई है। पहला ऑनलाइन राउंड 21 नवंबर को होगा। इसके बाद 23, 25, 27 और 29 नवंबर तथा 1, 3, 5 और 7 दिसंबर को अगले चरण आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय मुकाबले 9 दिसंबर को और ग्रैंड फिनाले 17 दिसंबर को प्रस्तावित है। प्रतिभागियों की तैयारी के लिए मॉक क्विज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे प्रतियोगिता की प्रक्रिया और डिजिटल मंच को समझ सकें।

सरकार इस प्रतियोगिता को केवल नकद पुरस्कार तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इसे युवाओं को सामान्य ज्ञान बढ़ाने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करने वाले मंच के रूप में भी प्रस्तुत कर रही है। वर्ष 2027 में प्रस्तावित पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में युवा, शिक्षा, रोजगार और खेल जैसे मुद्दे राजनीतिक चर्चा में हैं। ऐसे माहौल में ‘पंजाब दा करोड़पति’ सरकार की युवा-केंद्रित पहलों में एक नई योजना के रूप में सामने आई है। हालांकि, इस कार्यक्रम का वास्तविक प्रभाव इसके क्रियान्वयन, प्रतिभागियों की पहुंच और युवाओं को मिलने वाले दीर्घकालिक शैक्षणिक लाभों से तय होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button