मुंबई में ई-रिक्शा चलाकर कार्यक्रम में पहुंचे ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और पत्नी केट, सचिन तेंदुलकर के साथ खेला गली क्रिकेट

प्रिंस विलियम और केट मिडलटन 'अर्थशॉट प्राइज 2026' के लिए मुंबई पहुंचे, जहां उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के फाइनलिस्ट से मुलाकात की।

प्रिंस विलियम और केट मिडलटन ने ई-रिक्शा चलाकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

मुंबई,एजेंसी। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल करने वाले ‘अर्थशॉट प्राइज 2026’ के फाइनलिस्टों से मुलाकात के लिए मुंबई पहुंचे। इस दौरान शाही दंपती का देसी और पर्यावरण अनुकूल अंदाज चर्चा का विषय रहा। बांद्रा-वर्ली सी लिंक प्रोमेनेड पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने के लिए प्रिंस विलियम ने खुद इलेक्ट्रिक रिक्शा चलाया, जबकि केट उनके साथ बैठी नजर आईं। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद केट ने मुस्कुराते हुए कहा कि यहां आने का यह सबसे बेहतरीन तरीका था।

कार्यक्रम में विलियम और केट ने अर्थशॉट प्राइज के 15 फाइनलिस्टों से मुलाकात कर उनके पर्यावरण संरक्षण से जुड़े समाधानों के बारे में जानकारी ली। इस पुरस्कार के तहत पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को अपने समाधान को आगे बढ़ाने के लिए 10 लाख पाउंड की धनराशि दी जाएगी। विजेताओं की घोषणा 17 नवंबर को होनी है।

मुंबई प्रवास के दौरान शाही दंपती ने गली क्रिकेट में भी हिस्सा लिया। सोमवार को बैलार्ड एस्टेट में आयोजित इस कार्यक्रम में क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर भी मौजूद रहे। विलियम ने मैदान पर बल्लेबाजी करते हुए कुछ बाउंड्री लगाईं। इस दौरान उन्होंने ‘द राइट पिच’ संस्था से जुड़ी महिलाओं और लड़कियों से भी बातचीत की। यह संस्था क्रिकेट के माध्यम से कम संसाधन वाले समुदायों के बच्चों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें शिक्षा से जोड़े रखने की दिशा में काम करती है।

प्रिंस विलियम और केट ने मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन में सफर भी किया। इस दौरान उन्होंने मेट्रो नेटवर्क में कार्यरत महिलाओं और भारत में बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग देने वाली ब्रिटिश कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने ‘क्लाइमेट स्किल्स’ कार्यक्रम से लाभान्वित युवाओं से भी बातचीत की। ब्रिटिश काउंसिल की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को जलवायु परिवर्तन से जुड़ी जानकारी और आवश्यक कौशल उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने समुदायों में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

सोमवार रात आयोजित ‘अर्थशॉट प्राइज 2026 इम्पैक्ट असेंबली’ में भी शाही दंपती शामिल हुआ। इस अवसर पर प्रिंस विलियम ने पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के समाधान में भारत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इस वर्ष पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए दो भारतीय नवाचारों—‘महिला हाउसिंग ट्रस्ट’ और ‘महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी’—की सराहना की। मुंबई दौरे के दौरान पर्यावरण संरक्षण, खेल और सतत विकास से जुड़ी गतिविधियों में शाही दंपती की भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button