काजीरंगा के पास भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और कंटेनर की टक्कर में 26 लोगों की मौत, 18 घायल

असम के काजीरंगा इलाके में शुक्रवार को रोंगाजन के पास मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। इसमें अब तक 26 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है।

काजीरंगा,असम। असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। तेज रफ्तार मिनी बस अनियंत्रित होकर कंटेनर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार कई लोगों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों में दो महिलाएं और कई कॉलेज के छात्र शामिल बताए जा रहे हैं, जो कक्षाएं समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन, पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली चाय बागान के पास रंगाजान इलाके में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मिनी बस तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। पुलिस का मानना है कि राष्ट्रीय उद्यान के आसपास निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन दुर्घटना की वजह हो सकता है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

गोलाघाट जिले के एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने अब तक 26 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और आशंका जताई गई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए नौ एंबुलेंस तैनात की गईं। बेहतर उपचार की आवश्यकता वाले 20 घायलों को जोरहाट भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है।

गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका के अनुसार, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। हादसे के समय बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी। घायलों को पहले कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बोकाखाट और गोलाघाट के सरकारी अस्पतालों के साथ जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।

असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा स्थानीय विधायक अतुल बोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। प्रशासन की ओर से घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी दुर्घटना पर शोक जताते हुए कहा कि इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा असम प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने घायलों को बिना देरी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को सरकार की पहली प्राथमिकता बताया और शनिवार को काजीरंगा पहुंचने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार हादसे के कारणों की जांच कराएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। गोलाघाट जिला प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, जांच में यह पता लगाया जाएगा कि दोनों वाहनों में से किसी ने यातायात नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया था। इसके साथ ही वाहनों की गति, निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के आसपास लागू गति प्रतिबंधों के पालन की भी जांच होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button