छठ के खरना प्रसाद में केले के पत्ते का विशेष महत्व, धार्मिक आस्था के साथ जुड़ी है शुद्धता की परंपरा

छठ पूजा के महापर्व पर खरना का प्रसाद केले के पत्ते पर परोसने के पीछे धार्मिक और पारंपरिक महत्व है। केले के पत्ते की शुद्धता, प्रकृति उपासना और भगवान विष्णु-मां लक्ष्मी से जुड़ाव इस परंपरा का मुख्य कारण है।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। लोकआस्था के महापर्व छठ की शुरुआत 13 नवंबर से हो गई है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में दूसरे दिन खरना का विशेष महत्व होता है। इस दिन व्रती महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास रखती हैं और शाम को विधि-विधान से भगवान सूर्य तथा छठी मइया की पूजा-अर्चना करने के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत खोलती हैं। खरना के प्रसाद को परंपरागत रूप से केले के पत्ते पर परोसने की परंपरा है, जिसके पीछे धार्मिक आस्था और शुद्धता की मान्यता जुड़ी हुई है।

हिंदू धर्म में केले के पेड़ और उसके पत्तों को पवित्र एवं शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, केले के पेड़ में भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी का वास होता है। इसे सुख-समृद्धि और मंगल का प्रतीक भी माना जाता है। वहीं, केले के पत्ते का एक बार उपयोग किए जाने के कारण इसे पूजा-पाठ में स्वच्छता और शुद्धता बनाए रखने का पारंपरिक माध्यम माना जाता है। इसी वजह से खरना के प्रसाद को केले के पत्ते पर परोसने की परंपरा चली आ रही है।

छठ पर्व प्रकृति और सूर्य उपासना से जुड़ा महापर्व है। इसमें मिट्टी के चूल्हे, बांस के सूप और प्राकृतिक सामग्री का विशेष महत्व रहता है। खरना के दिन व्रती सुबह से ही अन्न और जल का त्याग कर उपवास रखते हैं। शाम को नए मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर पूरी शुद्धता और नियमों के साथ प्रसाद तैयार किया जाता है। इस दिन मुख्य रूप से नए चावल और गुड़ से बनी खीर तथा घी लगी रोटियां बनाई जाती हैं।

सूर्यास्त के बाद भगवान सूर्य और छठी मइया की धूप-दीप से पूजा की जाती है। इसके बाद केले के पत्ते पर प्रसाद परोसकर भोग लगाया जाता है। पूजा संपन्न होने पर व्रती इसी प्रसाद को ग्रहण कर अपना निर्जला व्रत खोलते हैं। इसके बाद प्रसाद परिवार के अन्य सदस्यों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों में वितरित किया जाता है। इस तरह खरना में केले के पत्ते का उपयोग केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि छठ पर्व की प्रकृति-आधारित पूजा पद्धति, पवित्रता और धार्मिक विश्वास का प्रतीक भी है।

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। परिपूर्ण न्यूज़ यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।परिपूर्ण न्यूज़ अंधविश्वास के खिलाफ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button