मथुरा में कोतवाली पुलिस और रिवार्ड टीम ने चार चोरी का किया खुलासा

चोरी के माल से खरीदा मकान, कार और बाइक, 12 लाख की नकदी और जेवरात बरामद

मथुरा/उत्तर प्रदेश। मथुरा में कोतवाली पुलिस और रिवार्ड टीम ने कोतवाली क्षेत्र में हुई तीन और जैंत क्षेत्र में हुई एक चोरी का बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12.33 लाख की नकदी और 10 लाख रुपये की ज्वेलरी समेत अन्य सामान बरामद किया है।
एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि सीओ सिटी भूषण वर्मा को मंगलवार की रात सूचना मिली कि क्षेत्र में रेकी कर चोरी करने वाला धौली प्याऊ फाटक स्थित रेलवे ग्राउंड के पास वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। इस पर कोतवाली प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर व रिवार्ड टीम प्रभारी सावेज चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा। पुलिस उसे पकड़कर कोतवाली ले आई।
कड़ी पूछताछ में उसने अपना नाम मूल भरतपुर के थाना चिकसाना स्थित गांव पीपला एवं हाल निवासी हाईवे थाना क्षेत्र की गोल कुआं कॉलोनी निवासी राजवीर बताया। साथ ही उसने कोतवाली क्षेत्र में 3 तथा जैंत थाना क्षेत्र में एक चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने चोर को कोर्ट में पेश किया, यहां से उसे जेल भेज दिया।
सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का चोर है। वह पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करता है। इसके बाद मौका देखकर चोरी करता है। कोतवाली और जैंत में चोरी से बरामद नकदी, ज्वेलरी और सामान को बेचने के बाद उसने 25 लाख रुपये का मकान बनवाया।
इसके साथ ही एक पुरानी कार और बाइक भी खरीदी। पुलिस चोरी के सामान को बेचकर बनाए गए मकान, कार और बाइक को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपी शातिर किस्म का चोर है। उसके खिलाफ कोतवाली, जैंत, हाईवे और सदर बाजार में छह मुकदमे विभिन्न धाराओं के दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button