महाराष्ट्र के विरार में मिले एक करोड़ के जाली नोट, कार में गुजरात से मुंबई ले जाई जा रही थी नकली करंसी
महाराष्ट्र के विरार में पुलिस ने मुंबई से आ रही एक कार की तलाशी के दौरान करीब 1 करोड़ रुपये के जाली नोट बरामद किए। मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है और नकली करंसी नेटवर्क की जांच की जा रही है।

मुंबई/एजेंसी। विरार में वसई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने कार्रवाई करते हुए गुजरात से मुंबई जा रही एक कार से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के जाली नोट बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद नोटों को कथित तौर पर 30 लाख रुपये में बेचने की तैयारी थी। हालांकि, नकली नोट किसे और कब पहुंचाए जाने थे, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर शिरसाट फाटा ब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस टीम को देखकर कार चालक घबरा गया और उसने कुछ दूरी पर वाहन रोक दिया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने कार की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में रखे एक बैग से 500 रुपये के बड़ी संख्या में जाली नोट बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, कुल 20 हजार नकली नोट जब्त किए गए हैं, जिनका अंकित मूल्य करीब एक करोड़ रुपये बताया गया है। पुलिस ने कार संख्या एमएच 48 बीटी 8686 को भी कब्जे में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार गुजरात से मुंबई की ओर जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जाली नोट कहां से लाए गए थे और इन्हें मुंबई में किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था। इसके अलावा, नकली नोटों की छपाई और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की कथित योजना इन जाली नोटों को 30 लाख रुपये में बेचने की थी। हालांकि, नोटों की डिलीवरी किसे और कब की जानी थी, इस संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।
वसई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने बरामद जाली नोटों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और नकली मुद्रा की सप्लाई कहां-कहां तक की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।




