फतेहपुर में नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप, पिता की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

खखरेरू थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को जबरन ट्रैक्टर में बैठाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला

फतेहपुर,उत्तर प्रदेश। खखरेरू थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के कथित अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को जबरन ट्रैक्टर में बैठाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित पिता के मुताबिक, तीन नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह गांव के पास ईंट-भट्ठे के निकट पशुओं को चरा रहा था। इसी दौरान उसकी बेटी घर से खाना देकर वापस लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव का ही एक युवक किशोरी को जबरन खींचकर ट्रैक्टर में बैठाने का प्रयास करने लगा। बेटी की चीख-पुकार सुनकर पिता मौके पर पहुंचा और आरोपी को रोकने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच छीना-झपटी भी हुई, जिसमें आरोपी का मोबाइल फोन पिता के हाथ में रह गया।

पिता का आरोप है कि विरोध के बावजूद युवक किशोरी को ट्रैक्टर में बैठाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों के अनुसार, किशोरी उसी रात करीब 11 बजे घर वापस पहुंची और परिवार के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की आपबीती सुनने के बाद पिता ने खखरेरू थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button