गोरखपुर पते पर गैंगस्टर का फर्जी पासपोर्ट, बड़े नेटवर्क की जांच तेज

गैंगस्‍टर बिल्‍ला पर हत्‍या समेत 25 मुकदमे दर्ज हैं। उसने गोरखपुर के पते पर अपना पासपोर्ट बनवाया और विदेश भाग गया था।

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। पंजाब के एक कुख्यात गैंगस्टर का गोरखपुर के पते पर फर्जी पासपोर्ट बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
अमृतसर निवासी गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था, हाल ही में इंडोनेशिया से पकड़ा गया। जांच में खुलासा हुआ कि उसने गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र के एक पते का इस्तेमाल कर पासपोर्ट बनवाया और विदेश फरार हो गया। जानकारी मिलते ही पंजाब पुलिस की टीम संबंधित पते पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की तह तक जाने में लगी हैं कि बिल्ला को गोरखपुर का पता किसने उपलब्ध कराया और पासपोर्ट बनवाने के लिए फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किए। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ऐसे कितने अन्य मामलों में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया है।
जांच एजेंसियां सत्यापन रिपोर्ट, पासपोर्ट आवेदन और पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। पिछले कुछ वर्षों में आधार कार्ड, पासपोर्ट समेत अन्य सरकारी दस्तावेजों में हुई संभावित धांधली की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी गोरखपुर में फर्जी दस्तावेजों के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें बड़े अधिकारियों के नाम पर कागजात तैयार किए जाने की घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला पर हत्या, रंगदारी, बलवा, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध समेत 25 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसे एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त अभियान के तहत भारत लाया गया। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था।
फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ जारी है। जांच में उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि जिस पते पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनाया गया, उससे जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button