गाजियाबाद में जुटेंगे देशभर के 1,000 खिलाड़ी, 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह का 1 नवंबर से होगा आगाज

गाजियाबाद में 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह का आयोजन होगा, जिसमें 1000 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री योगी इस समारोह का उद्घाटन करेंगे। समारोह से पहले 31 अक्तूबर को ज्योति यात्रा निकलेगी, जिसमें 600 विद्यार्थी और अभिभावक शामिल होंगे।

गाजियाबाद। विद्या भारती के 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह का आयोजन 1 से 4 नवंबर तक गाजियाबाद के पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से करीब 1,000 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। समारोह का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे, जबकि समापन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू ने बताया कि संस्था की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर कुल 39 खेलों का आयोजन किया जाता है। इनमें एथलेटिक्स की प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिवर्ष अखिल भारतीय खेलकूद समारोह आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष 37वें समारोह की मेजबानी गाजियाबाद को मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ के साथ बाधा दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक जैसी स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इनमें देश के विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
डोमेश्वर साहू के अनुसार, 1 नवंबर को उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उनका सुबह करीब 10 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना प्रस्तावित है। वहीं, 4 नवंबर को समापन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुबह करीब 11 बजे पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी होने के बाद समय और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
समारोह के दौरान 2 नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button