करीब 100 वर्ष पुराने फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र के विकास को मिली गति, सड़क और सीवर समस्याओं के समाधान की पहल
फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन (पंजीकृत) के पदाधिकारियों ने शाहदरा विधायक संजय गोयल के साथ बैठक कर करीब 100 वर्ष पुराने औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं उठाईं। बैठक में सड़क निर्माण, यातायात जाम, जलभराव और सीवर व्यवस्था पर चर्चा हुई।

नई दिल्ली। करीब 100 वर्ष पुराने फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल तेज हुई है। फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन (पंजीकृत) के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शाहदरा विधायक संजय गोयल के साथ बैठक कर क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। बैठक में सड़क निर्माण, यातायात जाम, जलभराव और सीवर व्यवस्था में सुधार सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि जीटी रोड पर मेट्रो लाइन के साथ गली नंबर आठ से मानसरोवर पार्क मेट्रो स्टेशन की गली नंबर 1बी तक सर्विस रोड के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। इस सड़क के बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और स्थानीय कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
औद्योगिक क्षेत्र के अंडरपास के पास लगने वाले यातायात जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। इसके समाधान के लिए सड़क चौड़ीकरण और यू-टर्न बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, अंडरपास में जलभराव की समस्या दूर करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसके अतिरिक्त, दामोदर पार्क औद्योगिक क्षेत्र के सामने स्थित सर्विस रोड की मरम्मत के लिए निविदा जारी की जा चुकी है।
फ्रेंड्स कॉलोनी में सीवर ओवरफ्लो की समस्या को नियंत्रित किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई। क्षेत्र में टूटे हुए मैनहोल के ढक्कन बदलने की प्रक्रिया जारी है, जिससे लोगों की सुरक्षा और आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का समाधान स्थानीय उद्यमियों, श्रमिकों और यहां आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। खराब सड़कों, यातायात जाम, जलभराव और सीवर संबंधी परेशानियों का असर औद्योगिक गतिविधियों पर भी पड़ता है। ऐसे में आधारभूत सुविधाओं में सुधार से कारोबार को सुचारु बनाने में मदद मिल सकती है।
फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रस्तावित विकास कार्य समय पर पूरे होंगे। एसोसिएशन का कहना है कि वह क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष लगातार उठाती रहेगी, ताकि करीब एक शताब्दी पुराने इस औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर सड़कें, व्यवस्थित यातायात और सुचारु सीवर व्यवस्था जैसी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।




