Major accident in East Delhi: सीमापुरी में पांच मंजिला मकान भरभराकर गिरा, मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका
पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी में बुधवार को एक पांच मंजिला जर्जर मकान गिर गया। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं और बचाव अभियान जारी है।

पूर्वी दिल्ली। सीमापुरी ईदगाह के पास बुधवार दोपहर 25 गज के भूखंड पर बना पांच मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान में करीब 30 लोग मौजूद बताए जा रहे हैं। इनमें अधिकांश किरायेदार हैं। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका के बीच दमकल, पुलिस, प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। अब तक 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
दमकल विभाग के अनुसार, दोपहर करीब 3:32 बजे मकान गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे से निकाले गए लोगों में तीन साल का बच्चा, मकान मालिक की पत्नी और कुछ किरायेदार शामिल हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान गली के भीतर बना था और उसका आकार एलनुमा था। बताया जा रहा है कि इमारत में पिलर नहीं थे तथा करीब डेढ़ वर्ष पहले चौथी और पांचवीं मंजिल का निर्माण कराया गया था। हादसे के समय मकान में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। बचाव दल अब तक मलबे की दो मंजिलों को हटाने में सफल रहा है, लेकिन भारी लेंटर और मलबे के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम भी मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी और लोग दबे हो सकते हैं। बचाव दल सावधानीपूर्वक मलबा हटाकर लोगों की तलाश में जुटा है। हादसे के कारण आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि मकान के निर्माण और अतिरिक्त मंजिलों के निर्माण के दौरान भवन सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
गौरतलब है कि इससे पहले छह सितंबर को दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला छात्रावास जैसी इमारत ढहने से सात छात्रों की मौत हो गई थी। बताया गया था कि वहां नवीनीकरण का काम चल रहा था। उस मामले में पुलिस ने मुख्य भवन मालिक हरिराम गुप्ता समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।




