प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर दिल्ली भाजपा का एक माह का सेवा संकल्प अभियान शुरू

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार से एक माह के “सेवा संकल्प अभियान-2026” की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनसंपर्क और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। पार्टी का यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।
अभियान के पहले दिन दिल्ली भाजपा के सभी 14 जिला संगठनों, युवा मोर्चा और दिल्ली सरकार की ओर से विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। शाम को प्रदेश एवं जिला कार्यालयों के अलावा कई प्रमुख स्थलों पर “आशीर्वाद के दीये” जलाए गए। पार्टी के अनुसार, अभियान के दौरान अलग-अलग सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय कार्यालय में चांदनी चौक जिला भाजपा और युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया और स्वयं रक्तदान किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों ने देश में विकास तथा जनसेवा के प्रति नई सोच को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में प्रयास जारी हैं।
त्यागराज स्टेडियम में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने भी रक्तदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार की ओर से सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार के कार्यक्रमों में रक्तदान, स्वास्थ्य सेवाएं, श्रमिकों के लिए सहायता तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां शामिल हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शाम को प्रदेश कार्यालय में “आशीर्वाद के दीये” जलाए। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनधन, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, स्वच्छ भारत और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से विभिन्न वर्गों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों में विकास के साथ देश की संस्कृति और विरासत से जुड़े कार्यों को भी महत्व दिया गया है।
भाजपा के अनुसार, लाल किला सहित दिल्ली के कई ऐतिहासिक और प्रमुख स्थलों पर भी “आशीर्वाद के दीये” जलाए गए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिला कार्यालयों तथा अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सांसदों और विधायकों ने भी रक्तदान शिविरों तथा शाम के दीप प्रज्वलन कार्यक्रमों में भाग लिया।
लाल किला मैदान में सांसद प्रवीन खंडेलवाल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार ने दिव्यांगजनों को सहायता उपकरण वितरित किए। वहीं विभिन्न जिलों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं।
दिल्ली भाजपा के अनुसार, एक माह तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत 13 अलग-अलग सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने बताया कि अभियान का व्यापक उद्देश्य सेवा कार्यों और जनभागीदारी के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाना है। दिल्ली सरकार ने भी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान” के तहत रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, श्रमिक सहायता, स्वच्छता, पौधरोपण और अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की घोषणा की है।




