कलयुगी बेटे ने 85 वर्षीय बुजुर्ग को बेटे ने घर से निकाला, सर्दी में दर-दर भटकने को मजबूर; मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
बुलंदशहर में 85 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने ही बेटे पर घर से निकालने और बिजली कनेक्शन कटवाकर अपने नाम पर नया कनेक्शन कराने का आरोप लगाया है। बुजुर्ग ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।

बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश। जिस उम्र में माता-पिता को अपने बच्चों के सहारे और सम्मान के साथ जीवन बिताने की उम्मीद होती है, उसी उम्र में बुलंदशहर के एक 85 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने ही बेटे पर घर से बाहर निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। बुजुर्ग का आरोप है कि बेटे ने न केवल उन्हें घर से बेदखल कर दिया, बल्कि उनके घर का बिजली कनेक्शन भी कटवा दिया और अपने नाम से नया कनेक्शन करा लिया। पीड़ित ने इस पूरी कार्रवाई में उन्हें सरकारी रिकॉर्ड में मृतक दर्शाए जाने का भी आरोप लगाया है। सर्दी के मौसम में रहने और खाने-पीने की व्यवस्था नहीं होने से परेशान बुजुर्ग ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम आलमगीरपुर नयनसुख, थाना चांदपुर, तहसील एवं जिला बुलंदशहर निवासी भागमल पुत्र सोरन ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पुत्र रघुवर ने उन्हें घर से बाहर निकाल दिया है। बुजुर्ग के अनुसार, इस उम्र में उनके पास न तो रहने के लिए सुरक्षित स्थान है और न ही भोजन-पानी की समुचित व्यवस्था। घर से निकाले जाने के बाद उन्हें इधर-उधर भटककर समय गुजारना पड़ रहा है। उनका कहना है कि सर्दी के मौसम में खुले आसमान के नीचे या दूसरों के सहारे जीवन बिताना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया है।
पीड़ित ने अपने बेटे पर आरोप लगाया है कि उसने उनके घर का पुराना बिजली कनेक्शन कटवा दिया और इसके बाद अपने नाम से नया विद्युत कनेक्शन करा लिया। बुजुर्ग का दावा है कि इस प्रक्रिया में उन्हें मृतक दर्शाए जाने की भी बात सामने आई है। यदि सरकारी अभिलेखों में जीवित व्यक्ति को मृतक दर्शाया गया है तो यह भी जांच का विषय है। उनका कहना है कि इस कथित कार्रवाई के कारण वह कई तरह की परेशानियों से जूझ रहे हैं और उन्हें अपने अधिकारों के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
भागमल ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि उनके आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराने की भी मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने की गुहार लगाई है, ताकि इस कठिन परिस्थिति में उन्हें जीवनयापन के लिए आर्थिक सहायता मिल सके।
85 वर्ष की उम्र में अपने ही परिवार से इस तरह की परेशानी झेल रहे बुजुर्ग की शिकायत ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनके सम्मानजनक जीवन के अधिकार से जुड़े सवाल भी खड़े किए हैं। फिलहाल प्रार्थना पत्र मिलने के बाद संबंधित अधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अब देखना होगा कि जांच में बुजुर्ग द्वारा लगाए गए आरोपों की क्या सच्चाई सामने आती है और उन्हें प्रशासन से कब तक राहत मिल पाती है।




