दिल्ली को 21 महीने बाद मिला स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय का पूर्णकालिक निदेशक, डॉ. अतुल मोहन कोचर संभालेंगे जिम्मेदारी

दिल्ली को 21 महीने बाद डॉ. अतुल मोहन कोचर के रूप में नया पूर्णकालिक स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक मिला है। यह नियुक्ति विभाग में लगातार बदलाव और विवादों के बाद हुई है, जिससे प्रशासनिक स्थिरता की उम्मीद है।

डॉ. अतुल मोहन कोचर को दिल्ली का डीजीएचएस बनाया गया।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली की भाजपा सरकार बनने के करीब 21 महीने बाद स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) को पूर्णकालिक निदेशक मिल गया है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने डॉ. अतुल मोहन कोचर को इस पद पर नियुक्त किया है। 21 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, वह तत्काल प्रभाव से अपना कार्यभार संभालेंगे। उनकी नियुक्ति के साथ ही लंबे समय से अतिरिक्त प्रभार के सहारे चल रहे स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय को स्थायी नेतृत्व मिल गया है।

डॉ. कोचर इससे पहले राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएच) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने दिसंबर 2019 से मार्च 2026 तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया। इससे पूर्व वह मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और लोकनायक अस्पताल में त्वचा रोग विभाग में प्रोफेसर एवं परामर्शदाता के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उनकी नियुक्ति के बाद जीटीबी अस्पताल के निदेशक डॉ. विनोद कुमार से डीजीएचएस का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।

दरअसल, दिल्ली के स्वास्थ्य प्रशासन में डीजीएचएस का पद पिछले करीब 21 महीनों से लगातार प्रशासनिक बदलाव और विवादों के कारण चर्चा में रहा है। भाजपा सरकार बनने के समय इस पद पर डॉ. वंदना बग्गा कार्यरत थीं, जिन्हें जनवरी 2025 में निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद अप्रैल 2025 में डॉ. रति मक्कड़ को महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई, लेकिन करीब तीन महीने बाद उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ले लिया।

अगस्त 2025 में डॉ. वत्सला अग्रवाल को नया महानिदेशक नियुक्त किया गया, लेकिन 842 करोड़ रुपये के दवा और चिकित्सा उपकरण खरीद घोटाले में नाम सामने आने के बाद उन्हें 9 जून 2026 को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फिलहाल वह जमानत पर हैं।

उनके निलंबन के बाद जग प्रवेश चंद्र अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुषमा जैन को डीजीएचएस का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया, लेकिन उनके चिकित्सा अवकाश पर चले जाने से फिर नेतृत्व का संकट खड़ा हो गया। स्वास्थ्य विभाग ने अन्य अधिकारियों को भी यह जिम्मेदारी सौंपने का प्रयास किया, लेकिन अपेक्षित सहमति नहीं मिल सकी। सूत्रों के अनुसार, एक अधिकारी ने तो पद संभालने से इनकार करने के साथ स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने की इच्छा भी जताई थी।

ऐसी परिस्थितियों में जीटीबी अस्पताल के निदेशक डॉ. विनोद कुमार को अतिरिक्त प्रभार देकर काम चलाया जा रहा था। लंबे समय से खाली पड़े पूर्णकालिक पद और लगातार प्रशासनिक बदलावों के बीच अब डॉ. अतुल मोहन कोचर की नियुक्ति को स्वास्थ्य विभाग में स्थिरता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनके सामने दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं के प्रशासनिक कामकाज को सुचारु बनाने और विभागीय व्यवस्था को मजबूत करने की चुनौती होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button