नंद नगरी में अवैध शराब के कारोबार का खुलासा, 97 हजार रुपये नकद और पेटीएम स्कैनर के साथ महिला गिरफ्तार
नंद नगरी थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल 53 वर्षीय महिला संतोष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 62 क्वार्टर अवैध देसी शराब, 97 हजार रुपये नकद और एक पेटीएम स्कैनर बरामद किया है।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता
उत्तर पूर्वी दिल्ली। दिल्ली के नंद नगरी थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में कथित रूप से शामिल एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 62 क्वार्टर अवैध देसी शराब, 97 हजार रुपये नकद और एक पेटीएम स्कैनर बरामद किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान 53 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला पहले भी एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम से जुड़े 15 मामलों में शामिल रही है।
पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर 2026 की रात करीब 1:55 बजे कांस्टेबल अरुण नंद नगरी के बी-ब्लॉक इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक मकान के बाहर प्लास्टिक का कट्टा लिए खड़ी महिला दिखाई दी। पुलिस को देखकर महिला घबरा गई और मकान के अंदर जाने लगी। संदेह होने पर पुलिसकर्मी ने कट्टे की तलाशी ली, जिसमें 62 क्वार्टर अवैध देसी शराब बरामद हुई।
सूचना मिलने पर नंद नगरी थाना एसएचओ आनंद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान की तलाशी के दौरान 97 हजार रुपये नकद और एक पेटीएम स्कैनर भी मिला। महिला बरामद नकदी और स्कैनर के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
इस मामले में नंद नगरी थाने में 22 नवंबर को आबकारी अधिनियम की धारा 33 के तहत एफआईआर संख्या 689/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, सत्यापन में महिला के खिलाफ एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम से संबंधित 15 पुराने मामले सामने आए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।




