गाजियाबाद में पोलियो अभियान में लापरवाही उजागर, कई बूथों पर मार्कर तक नहीं मिले; निरीक्षण में सीएचसी प्रभारी भी गायब

गाजियाबाद में पोलियो अभियान के औचक निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक ने बूथों पर लापरवाही पाई, जिसमें एक हाई-रिस्क बूथ भी बंद मिला। स्वास्थ्यकर्मी बच्चों को दवा पिलाने में गंभीर नहीं दिखे।

पोलियो अभियान का जायजा लेने को रविवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मेरठ मंडल के संयुक्त निदेशक डाॅ. अशोक तालियान ने देहात क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता

गाजियाबाद। जिले में चल रहे पल्स पोलियो अभियान की जमीनी हकीकत जानने के लिए रविवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, मेरठ मंडल के संयुक्त निदेशक डॉ. अशोक तालियान ने ग्रामीण क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर अभियान में गंभीर लापरवाही सामने आई। कुछ पोलियो बूथों पर स्वास्थ्यकर्मियों के पास बच्चों की उंगली पर निशान लगाने के लिए मार्कर तक उपलब्ध नहीं थे। वहीं, मोदीनगर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) प्रभारी भी अनुपस्थित मिले।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक ने पांच पोलियो बूथों का जायजा लिया। इस दौरान मोदीपुरम के बूथ संख्या 32 की स्थिति बेहद खराब मिली। यह बूथ हाई रिस्क श्रेणी में शामिल होने के बावजूद सुबह 11 बजे तक शुरू नहीं किया गया था। मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री मौजूद थीं, लेकिन बूथ पर टीकाकरण अभियान शुरू नहीं हुआ था। इस लापरवाही पर संयुक्त निदेशक ने संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि स्वास्थ्यकर्मी अभियान से वंचित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। बूथों पर बच्चों की संख्या काफी कम मिली और स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से अभिभावकों को बच्चों के साथ बूथ तक लाने के लिए भी विशेष प्रयास नहीं किए गए। इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों में नोडल अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभारी अधिकारियों की निगरानी भी नजर नहीं आई।

गौरतलब है कि जिले में सात लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन अब तक केवल 2.81 लाख बच्चों को ही खुराक दी जा सकी है। अभियान के निर्धारित लक्ष्य और अब तक हुई प्रगति के बीच बड़ा अंतर स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बन गया है।

संयुक्त निदेशक ने अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों से जवाब तलब किया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के अभियान की निगरानी के लिए भी उच्चाधिकारी औचक निरीक्षण करेंगे। स्वास्थ्य विभाग का जोर अब छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने पर रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button