इंडोनेशिया में बस-ऑयल टैंकर की जोरदार टक्कर, 16 लोगों की जिंदा जलकर मौत

इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर एक यात्री बस और ईंधन टैंकर की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 16 लोग जिंदा जल गए।
इंडोनेशिया। इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर बुधवार को एक यात्री बस और ईंधन से भरे टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई।
इस भयावह दुर्घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जिनमें बस चालक, यात्री और टैंकर के चालक व सहायक शामिल हैं। अधिकांश लोग आग में जिंदा जल गए।
अधिकारियों के मुताबिक, बस में करीब 20 लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टक्कर से ठीक पहले बस से चिंगारियां निकल रही थीं, जिससे चालक ने वाहन को दाईं ओर मोड़ दिया, लेकिन सामने से तेज रफ्तार में आ रहे तेल टैंकर से सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और कुछ ही पलों में वे आग के गोले में बदल गए। कई यात्री अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। राहत और बचाव दल को भी कई शवों को निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।




