दिल्ली के संगम विहार में गत्ता फैक्ट्री में लगी भीषण आग , भागकर 8 मजदूरों बचाई जान

दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार स्थित होली चौक में एक अवैध गत्ता पैकिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने के समय मौजूद सभी श्रमिक सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार स्थित होली चौक इलाके में बुधवार पूर्वाह्न एक अवैध रूप से संचालित गत्ता पैकिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्ते के बाक्स और पैकिंग सामग्री रखी होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में दमकल की कुल 11 गाड़ियां आग बुझाने के अभियान में लगाई गईं।
हादसे के समय फैक्ट्री में सात से आठ श्रमिक मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग बढ़ने से पहले ही सभी श्रमिकों ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता हासिल की। इस कारण कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। यदि श्रमिक समय रहते बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री में आग से सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। फिलहाल, शाॅर्ट सर्किट से आग लगने का कारण बताया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।
दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना पूर्वाह्न 11:52 बजे प्राप्त हुई थी। आग दो मंजिला फैक्ट्री में लगी थी, जहां प्लास्टिक के डिब्बों की पैकिंग का काम किया जाता था। फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में गत्ता और अन्य ज्वलनशील पैकिंग सामग्री भरी होने से आग तेजी से फैल गई। घना धुआं और तेज लपटें उठने के कारण दमकल कर्मियों को फैक्ट्री के भीतर प्रवेश करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, लेकिन फैक्ट्री में रखे गत्ते और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग दोबारा भड़क गई। इसके बाद दमकल कर्मियों ने फिर से आग बुझाने का अभियान तेज कर दिया।
आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियां लगातार रोटेशन के आधार पर पानी भरकर मौके पर लौट रही हैं। वर्षा के बीच भी राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। आग लगने से फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button