लोनी में प्रदूषणकारी 34 अवैध औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई, सील कर काटी बिजली

गाजियाबाद के लोनी में प्रदूषण फैलाने वाली अवैध औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को कार्रवाई की।

गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली अवैध औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को बड़े स्तर पर अभियान चलाया। विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने कृष्णा विहार फेज-1, कृष्णा विहार फेज-2, अमित विहार, सेवाधाम और बहटा हाजीपुर क्षेत्र में धातु गलाने वाली औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 34 इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराया गया। कई इकाइयों को सील करने के साथ उनकी विद्युत आपूर्ति भी काट दी गई।
प्रशासन के अनुसार, लोनी क्षेत्र में धातु गलाने वाली इकाइयों से होने वाले प्रदूषण को लेकर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में मंगलवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विद्युत विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न इलाकों में पहुंचकर औद्योगिक इकाइयों के संचालन और नियमों के अनुपालन की जांच की।
जांच के दौरान 34 इकाइयां निर्धारित नियमों के विपरीत संचालित मिलीं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित इकाइयों को सील कराया और विद्युत विभाग के माध्यम से उनकी बिजली आपूर्ति भी विच्छेदित कराई। एक साथ बड़ी संख्या में इकाइयों पर हुई कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध औद्योगिक गतिविधियां संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया।
अभियान में नायब तहसीलदार बहटा हाजीपुर रति गुप्ता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर औद्योगिक गतिविधियों की जांच की और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की।
लोनी के संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी दीपक सिंघनवाल ने कहा कि क्षेत्र में अवैध और प्रदूषणकारी औद्योगिक इकाइयों को किसी भी स्थिति में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को 34 इकाइयों के खिलाफ सीलिंग और विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण फैलाने वाली अवैध इकाइयों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button