फतेहपुर में कथित गोमांस मिलने की सूचना पर छापा, नमूने जांच के लिए भेजे
धाता थाना क्षेत्र के डेंडासई गांव में कथित गोमांस रखे होने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर 15 किलो से अधिक मांस बरामद किया। पुलिस ने मांस के नमूने जांच के लिए मथुरा स्थित प्रयोगशाला भेजे हैं। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला
फतेहपुर,उत्तर प्रदेश। जिले के धाता थाना क्षेत्र के डेंडासई गांव में गुरुवार को कथित गोमांस रखे होने की सूचना पर पुलिस ने एक घर में छापेमारी की। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान 15 किलो से अधिक मांस बरामद किया गया। बरामद मांस को कब्जे में लेकर उसके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब आठ बजे गांव में मांस रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ हैदर और नसीम के घर पहुंची। तलाशी के दौरान मांस बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस ने बताया कि इसमें करीब दो किलो पका हुआ और लगभग तीन किलो कटा हुआ मांस शामिल था। मौके से एक जबड़ा भी बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।
मामले की सूचना पर बजरंग दल के जिला संयोजक रोहित दीक्षित, सह संयोजक रितेश सोनी और प्रखंड मंत्री भगवान दास सोनी समेत अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने गांव में अन्य संभावित स्थानों और कुछ लोगों के घरों पर भी दबिश दी।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी खागा धाता थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। पशु चिकित्सा अधिकारी धाता डॉ. प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बरामद मांस के दो नमूने सील कर जांच के लिए गोवंश प्रयोगशाला, मथुरा भेजे जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह निर्धारित हो सकेगा कि बरामद मांस किस पशु का है।
थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मांस कहां से लाया गया और कहां काटा गया। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




