यूपी में 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले, कई अहम विभागों में फेरबदल
यूपी में तबादला एक्सप्रेस दौड़ रही है। शनिवार को पहले पीसीएस, फिर आईपीएस और फिर पीपीएस अफसरों के तबादले किए गए थे। अगले दिन रविवार को 10 सीनियर आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए गए।

लखनऊ,एजेंसी। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर तबादलों का सिलसिला जारी है। शनिवार को पीसीएस, आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद रविवार को शासन ने 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया। इस बदलाव में उच्च शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, ऊर्जा, तकनीकी शिक्षा तथा श्रम एवं सेवायोजन जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं।
फेरबदल के तहत अमित कुमार घोष से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा का प्रभार हटा दिया गया है। उन्हें उच्च शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। अमृत अभिजात को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वी. हेकेली झिमोमी को चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। अनिल कुमार को खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले विभाग की जिम्मेदारी के साथ खाद्य एवं रसद आयुक्त का दायित्व भी सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है।
डॉ. एस.के.एस. सुंदरम को कृषि विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि रविंद्र को पंचायती राज विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। अमित गुप्ता को प्राविधिक शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
रणवीर प्रसाद को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन सहित चार निगमों की जिम्मेदारी भी दी गई है। डॉ. आशीष कुमार गोयल को श्रम एवं सेवायोजन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है।
शासन स्तर पर हुए इस फेरबदल से कई महत्वपूर्ण विभागों की प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में लगातार प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादले किए जा रहे हैं। रविवार का यह फेरबदल भी उसी क्रम का हिस्सा है।




