फतेहपुर बेरी इलाके में जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
दिल्ली में एक जिम ट्रेनर पर अंधाधुंध फायरिंग की गई है। बताया जा रहा कि बदमाशों ने करीब 15 से 20 राउंड गोलियां बरसाईं, जिसमें उनकी जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र के आया नगर गांव में सोमवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब बदमाशों ने एक जिम ट्रेनर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात में जिम ट्रेनर विजय की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावरों ने करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की और वारदात के बाद स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गए।
घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे के बाद की बताई जा रही है। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर छानबीन की, जिसके बाद मृतक के शव को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान भेज दिया गया।
मौके पर अपराध जांच दल और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार हमलावर स्कॉर्पियो से आए थे और जिम ट्रेनर को निशाना बनाकर गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आया नगर गांव में सशस्त्र सीमा बल के जवानों को भी तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आया नगर गांव में इससे पहले भी गोलीबारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस अब इस घटना को पुरानी घटनाओं से जोड़कर भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं।




