कौशांबी विस्फोट मामले में ताबड़तोड़ एक्शन, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ पटाखा फैक्ट्री मालिक का बेटा आदिल
कौशांबी में अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फैक्ट्री मालिक का बेटा आदिल मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने बताया कि आदिल ने आर्थिक लाभ के लिए अवैध विस्फोटक बनाए थे, इस विस्फोट में 14 लोगों की मौत हुई थी।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशांबी/उत्तर प्रदेश। पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी नौशाद के बेटे और 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी मोहम्मद आदिल को पिपरी थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध देशी तमंचा, कारतूस, नकदी और बाइक बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, विस्फोट कांड में वांछित चल रहे आदिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कौशांबी द्वारा गठित टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी क्रम में दो और तीन सितंबर की मध्यरात्रि मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आदिल कमालपुर से बरेठी की ओर जाने वाली नहर पुलिया के रास्ते आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।
पुलिस का कहना है कि नहर पुलिया के पास आरोपी मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल फिसलने से वह सड़क पर गिर गया। पुलिस के अनुसार, टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक कौशांबी सत्यनारायण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के पास से एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 315 बोर के तीन खोखा कारतूस, करीब 700 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आदिल ने अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक लाभ के लिए अवैध पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री तैयार करने और उसका भंडारण करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि इस अवैध गतिविधि के लिए महमूदपुर मनौरी पावर हाउस के पास स्थित गोदाम का इस्तेमाल किया जाता था।
इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी नौशाद को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, चरवा थाना क्षेत्र के तेरह मील गांव के पास मंगलवार तड़के नौशाद की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की थी। पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही नौशाद ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, नौशाद शहर छोड़कर फरार होने की कोशिश में था।
गौरतलब है कि 31 अगस्त 2026 को कौशांबी के महमूदपुर मनौरी क्षेत्र स्थित गोदाम में रखे पटाखों और बारूद में भीषण विस्फोट हुआ था। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद पिपरी थाना पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस के अनुसार, मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अब इनामी आरोपी आदिल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस घटना से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालन, विस्फोट की घटना, विस्फोटक सामग्री के निर्माण एवं भंडारण तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है। मामले में बरामद सामग्री और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना से जुड़े सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रहेगा।




