जम्मू-कश्मीर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 11 आईपीएस समेत 14 अधिकारियों के तबादले
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल के आदेश पर सरकार के गृह विभाग ने पुलिस महकमें में बड़ा फेरबदल किया है। जम्मू कश्मीर के 11 आईपीएस समेत कुल 14 ऑफिसर्स का ट्रांसफर किया गया। इसके बाद कश्मीर और जम्मू दोनों डिवीजन को नए आईजी मिले हैं। कुछ बड़े अफसरों को भी बदला गया है। जम्मू कश्मीर के डीजीपी अभी आईपीएस नलिन प्रभात हैं।

जम्मू/एजेंसी। जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार के गृह विभाग ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 11 आईपीएस और तीन जेकेपीएस अधिकारियों समेत कुल 14 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों के पुलिस महानिरीक्षकों को भी बदला गया है। तेजेंद्र सिंह को पुलिस महानिरीक्षक जम्मू जोन और सुजीत कुमार को पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार आईपीएस अधिकारी एमके सिन्हा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुख्यालय के पद से हटाकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अपराध जांच विभाग नियुक्त किया गया है। नितिश कुमार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अपराध जांच विभाग से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सशस्त्र पुलिस बनाया गया है।
उत्तम चंद, जो पुलिस महानिरीक्षक अभियान एवं सेवाएं के पद पर तैनात थे, उन्हें पुलिस महानिरीक्षक रेलवे नियुक्त किया गया है। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक जम्मू के पद पर तैनात भीम सेन टूटी का तबादला कर उन्हें पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
सुजीत कुमार को पुलिस महानिरीक्षक सुरक्षा के पद से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर जोन नियुक्त किया गया है। विवेक गुप्ता को पुलिस महानिरीक्षक रेलवे से पुलिस महानिरीक्षक सुरक्षा बनाया गया है। तेजेंद्र सिंह को पुलिस महानिरीक्षक अपराध जांच विभाग से पुलिस महानिरीक्षक जम्मू जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शक्ति कुमार पाठक को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक पद के लिए नामित किया गया है। मुब्बर लतीफी को पुलिस उपमहानिरीक्षक आईआर कश्मीर नियुक्त किया गया है।
अन्य तबादलों में साहिल संग्राल को पुलिस अधीक्षक हंदवाड़ा के पद से हटाकर पुलिस अधीक्षक पुलवामा बनाया गया है। सन्नी गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंतनाग से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक किश्तवाड़ नियुक्त किया गया है।
ताहिर सलीम खान, जो पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर के विशेष कार्याधिकारी के रूप में तैनात थे, को पुलिस अधीक्षक हंदवाड़ा बनाया गया है। मुजफ्फर अहमद शाह को पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर के विशेष कार्याधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पुलिस अधीक्षक किश्तवाड़ के पद पर तैनात नरेश सिंह का तबादला कर उन्हें पुलिस अधीक्षक राजौरी नियुक्त किया गया है।
जम्मू-कश्मीर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले गृह विभाग, जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से उपराज्यपाल के अनुमोदन और आदेश के बाद किए जाते हैं। ताजा फेरबदल को पुलिस प्रशासन में जिम्मेदारियों के पुनर्गठन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




