कौशांबी में चाकू-चापड़ लेकर स्कूल में बच्चों की कक्षा में पहुंची प्रधानाध्यापिका का खौफ
कौशांबी में एक इंचार्ज प्रधानाध्यापिका चाकू-चापड़ लेकर स्कूल पहुंचीं और बच्चों के सामने धमकी दी, जिससे अभिभावक और बच्चे दहशत में आ गए। वीडियो वायरल होने के बाद बीएसए ने उन्हें निलंबित कर दिया और विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। जिले के कड़ा ब्लॉक स्थित लुकिया प्राथमिक विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापिका की एक गंभीर हरकत से स्कूली बच्चों और अभिभावकों में दहशत फैल गई। आरोप है कि प्रधानाध्यापिका शुक्रवार सुबह हाथ में चाकू और चापड़ लेकर स्कूल पहुंचीं और कक्षा में छोटे बच्चों के सामने धारदार हथियार लहराने लगीं।
घटना के दौरान एक अभिभावक ने उनका वीडियो बना लिया, जिसमें वह हाथ में हथियार लिए नजर आ रही हैं। विरोध करने पर उन्होंने कथित तौर पर कहा कि वह खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं और यदि कोई उन्हें गाली देगा तो वह उसे छोड़ेंगी नहीं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया, हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर खंड शिक्षाधिकारी नीरज उमराव और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा प्रधानाध्यापिका से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार ने आरोपित प्रधानाध्यापिका शिखा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने स्कूल पहुंचकर चाकू और चापड़ जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है। अभिभावकों का आरोप है कि प्रधानाध्यापिका पिछले कई दिनों से हथियार लेकर स्कूल आ रही थीं, जिससे बच्चों में भय का माहौल था और कई बच्चों ने स्कूल आना बंद कर दिया है।
विद्यालय के एक छात्र ने भी बताया कि प्रधानाध्यापिका मारपीट और चाकू दिखाकर डराती थीं। वहीं, अधिकारियों के अनुसार प्रधानाध्यापिका के पति ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान बताया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




