मुंबई के वर्ली जेटी पर बनेगा हेलीपैड, वीआईपी आवाजाही और मेडिकल इमरजेंसी में मिलेगी सुविधा
बृहन्मुंबई नगर निगम ने वर्ली जेटी का इस्तेमाल मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट के लिए करने का फैसला किया है। इसके तहत बीएमसी की स्थायी समिति ने वर्ली जेटी पर एक हेलीपैड बनाने की मंजूरी दे दी।

मुंबई,एजेंसी। मुंबई में परिवहन व्यवस्था को बहुआयामी बनाने की दिशा में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मरीन ड्राइव से बांद्रा-वर्ली सी लिंक तक मुंबई कोस्टल रोड के वाहनों के लिए खुलने के बाद अब वर्ली जेटी को मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत बीएमसी की स्थायी समिति ने वर्ली जेटी पर हेलीपैड बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसका इस्तेमाल वीआईपी आवाजाही के साथ-साथ आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और आपदा प्रबंधन के लिए भी किया जाएगा।
इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी रेमंड लिमिटेड को सौंपी गई है। कंपनी को 15 वर्षों के लिए ऑपरेटर नियुक्त किया गया है। परियोजना के लिए कंपनी को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और अन्य संबंधित सरकारी विभागों से आवश्यक मंजूरियां प्राप्त करनी होंगी।
इस परियोजना की शुरुआत पिछले वर्ष की शुरुआत में हुई थी, जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीएमसी की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की थी। इस दौरान कोस्टल रोड के आसपास हेलीपैड विकसित करने का सुझाव दिया गया था। इसके बाद नगर निगम प्रशासन ने मल्टी-मॉडल परिवहन की संभावनाओं का अध्ययन करने के लिए सलाहकार नियुक्त करने का निर्णय लिया, जिसके बाद परियोजना की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
दक्षिण मुंबई में राज्य सरकार का मुख्यालय, मंत्रियों के सरकारी आवास और कई प्रमुख उद्योगपतियों के निवास स्थित हैं। ऐसे में वर्ली जेटी पर हेलीपैड बनने से इस क्षेत्र में हवाई आवाजाही की सुविधा बढ़ने की उम्मीद है। खासकर वीआईपी मूवमेंट और जरूरी सरकारी कार्यों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है।
परियोजना के समझौते में 15 वर्ष की अवधि के साथ लॉक-इन पीरियड का प्रावधान भी शामिल है। इसकी खास बात यह है कि निर्माण से लेकर संचालन और रखरखाव तक का कोई वित्तीय बोझ बीएमसी पर नहीं पड़ेगा। कर्मचारियों के वेतन, सुरक्षा, बीमा, रखरखाव और अन्य परिचालन खर्चों की जिम्मेदारी रेमंड लिमिटेड की होगी। परियोजना में होने वाले किसी भी वित्तीय नुकसान के लिए भी कंपनी जिम्मेदार रहेगी। इसके अतिरिक्त, परियोजना से संबंधित किसी भी कार्य को दूसरी एजेंसी को सौंपने से पहले नगर निगम की अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
बीएमसी की स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे के अनुसार, हेलीपैड का इस्तेमाल केवल वीआईपी आवाजाही तक सीमित नहीं रहेगा। मेडिकल इमरजेंसी, प्राकृतिक आपदाओं और अन्य गंभीर परिस्थितियों में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग, पुलिस और अन्य सरकारी एजेंसियां जरूरत पड़ने पर इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगी। यहां छोटे और कम क्षमता वाले हेलीकॉप्टरों के उतरने और उड़ान भरने की व्यवस्था होगी।
इस परियोजना से नगर निगम को नियमित राजस्व भी प्राप्त होगा। समझौते के अनुसार, रेमंड लिमिटेड को बीएमसी को हर महीने एक लाख रुपये की निश्चित फीस देनी होगी। इसके अलावा व्यावसायिक हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग और टेकऑफ से होने वाली कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा अथवा न्यूनतम चार लाख रुपये प्रतिमाह देना होगा। दोनों में से जो राशि अधिक होगी, उसका भुगतान कंपनी को करना पड़ेगा। इस प्रकार निश्चित फीस और न्यूनतम राजस्व हिस्सेदारी को मिलाकर बीएमसी को हर महीने कम से कम पांच लाख रुपये की आय सुनिश्चित होगी।
मुंबई में कोस्टल रोड के विकास के बाद वर्ली जेटी पर प्रस्तावित हेलीपैड को परिवहन के नए विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। इससे हवाई और सड़क परिवहन के बीच बेहतर तालमेल बनाने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।




