बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को करोड़ों का नुकसान,बीपीएल पर संकट
बीसीबी के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने कहा है कि भारत के साथ होने वाली बहुप्रतीक्षित घरेलू सीरीज की तिथि बदल सकती हैं क्योंकि बीसीबी अपने कैलेंडर पर फिर से काम कर रहा है।
ढाका/एजेंसी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने कहा है कि भारत के साथ होने वाली बहुप्रतीक्षित घरेलू सीरीज की तिथि बदल सकती हैं क्योंकि बीसीबी अपने कैलेंडर पर फिर से काम कर रहा है। भारी वित्तीय नुकसान के कारण इस साल उनके प्रमुख टी-20 टूर्नामेंट, बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) के आयोजन की संभावना कम है।
मीडिया से बात करते हुए तमीम ने कहा कि बीसीबी 28 अगस्त से 9 सितंबर तक शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एक गेम डेवलपमेंट टूर्नामेंट आयोजित करेगा। इसमें अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-23 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
तमीम ने कहा कि भारत के साथ सीरीज को लेकर बातचीत चल रही है, तिथि बदल सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट मीरपुर में हो रहा है, लेकिन जरूरत पड़ने पर इसे बशुंधरा ग्राउंड (ढाका) में भी ले जाया जा सकता है। एक बार भारत के साथ सीरीज तय हो जाने के बाद, हम उसी हिसाब से इसका शेड्यूल तय करेंगे।
भारत ने पहले ही 13 से 17 सितंबर के बीच नई दिल्ली में अफगानिस्तान के साथ तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का कार्यक्रम तय कर लिया है। इससे सितंबर के दौरान भारत-बांग्लादेश सीरीज होने की संभावना लगभग खत्म हो गई है। पिछले साल बांग्लादेश में अशांति के कारण यह सीरीज टाल दी गई थी।
वहीं खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी द्वारा भ्रष्टाचार सहित कई विवादों में घिरे बीपीएल के बारे में बात करते हुए तमीम ने कहा कि बोर्ड को अपनी वित्तीय स्थिति सुधारने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पिछले दो सीजन में बीपीएल से कुल 40 करोड़ बांग्लादेशी टका (31 करोड़ भारतीय रुपये) का नुकसान हुआ है।




