मुंबई में ऑटो-टैक्सी का सफर होगा महंगा, न्यूनतम किराए में बढ़ोतरी को मंजूरी
मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में यात्रियों को 1 सितंबर से ऑटो-रिक्शा और टैक्सी की सवारी के लिए ज्यादा पैसे देने पड़ सकते हैं। क्योंकि मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन ट्रांसपोर्ट अथॉरिटीकी ओर से किराया बढ़ाने की मंजूरी दे दी गई है।

मुंबई/एजेंसी। मुंबई और महानगर क्षेत्र में ऑटो-टैक्सी से यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब अगले सप्ताह से ढीली हो सकती है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण की गुरुवार को हुई बैठक में ऑटो और टैक्सी के न्यूनतम किराए में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। हालांकि नई दरें सरकार की अंतिम अधिसूचना जारी होने के बाद ही लागू होंगी।
प्रस्ताव के अनुसार, टैक्सी का न्यूनतम किराया मौजूदा 31 रुपये से बढ़ाकर 33 रुपये किया जाएगा। वहीं, ऑटो का न्यूनतम किराया 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये हो जाएगा। यह न्यूनतम किराया पहले 1.5 किलोमीटर की यात्रा के लिए लागू होता है।
इससे पहले ऑटो और टैक्सी के किराए में एक फरवरी 2025 को संशोधन किया गया था। ऐसे में करीब 18 महीने बाद एक बार फिर मुंबई में ऑटो-टैक्सी की सवारी महंगी होने जा रही है।
खटुआ समिति के फार्मूले के आधार पर टैक्सी का प्रति किलोमीटर किराया मौजूदा 20.66 रुपये से बढ़ाकर 21.90 रुपये करने का प्रस्ताव है। इसी तरह ऑटो का प्रति किलोमीटर किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये किया जाएगा।
सरकार के अनुसार, पिछले किराया संशोधन के बाद से सीएनजी की कीमत में करीब आठ रुपये यानी 10.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा वाहनों की कीमत, वाहन ऋण पर ब्याज दर और सरकारी राजस्व में हुए बदलाव को भी किराया निर्धारित करते समय ध्यान में रखा गया है।
ऑटो-टैक्सी किराए में बढ़ोतरी को लेकर टैक्सी यूनियनों की ओर से प्रति किलोमीटर किराया 20.66 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये करने की मांग की गई थी। यदि यह मांग स्वीकार की जाती तो टैक्सी के न्यूनतम किराए में करीब चार रुपये तक की वृद्धि हो सकती थी। हालांकि प्राधिकरण ने यूनियनों की मांग से कम बढ़ोतरी को मंजूरी दी है।
अधिकारियों के अनुसार, नई किराया दरें सरकार की अंतिम अधिसूचना जारी होने के बाद प्रभावी होंगी। इसके बाद मुंबई महानगर क्षेत्र में ऑटो और टैक्सी से सफर करने वाले यात्रियों को संशोधित किराए का भुगतान करना होगा।




