अमेरिका में 90 दिन के ब्लैकआउट की अफवाह से मची हलचल, ग्रॉसरी स्टोर्स पर जरूरी सामान खरीदने की होड़

अमेरिका में 90 दिन के ब्लैकआउट की चर्चा ने बाजारों में हलचल चल बढ़ा दी है। लोग पानी, राशन और रोजाना की जरूरत के सामान जमा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि तीन महीने तक संकट के अंदेशे ने उनके डर को बढ़ाया है।

अमेरिकी अपनी जरूरत का सामान जमा कर रहे हैं।

वॉशिंगटन,एजेंसी। अमेरिका में 90 दिनों तक बिजली और जरूरी सेवाएं ठप रहने की अफवाह ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट और वीडियो के बाद बड़ी संख्या में लोग बोतलबंद पानी, लंबे समय तक सुरक्षित रहने वाले खाद्य पदार्थ, प्रोपेन और आपातकालीन जरूरतों का सामान खरीदकर जमा कर रहे हैं। कैलिफोर्निया, ओहियो और ओक्लाहोमा समेत कई राज्यों के ग्रॉसरी स्टोर्स पर अचानक भीड़ बढ़ गई है। हालांकि अमेरिकी सरकार ने 90 दिनों तक देश में ब्लैकआउट होने के दावे को पूरी तरह निराधार बताया है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेशों में दावा किया जा रहा है कि अमेरिका में कभी भी 90 दिनों तक बिजली आपूर्ति और दूसरी आवश्यक सेवाएं बंद हो सकती हैं। इन संदेशों में लोगों को संभावित आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पहले से खाद्य सामग्री और जरूरी सामान जमा करने की सलाह दी जा रही है। माइक्रोसॉफ्ट और बैंकिंग सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में हाल के दिनों में सामने आई तकनीकी गड़बड़ियों ने भी इस आशंका को हवा दी है।

लोगों के बीच बढ़ती चिंता को देखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है। ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में लोगों से शांत रहने की अपील करते हुए कहा कि सब कुछ ठीक है और यदि कोई समस्या होगी तो इसकी जानकारी दी जाएगी। वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी बंकर बनाने और बड़ी मात्रा में खाने-पीने का सामान जमा करने की जरूरत से इनकार किया है।

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, कैलिफोर्निया, ओहियो और ओक्लाहोमा के कई स्टोर्स में आपातकालीन जरूरतों का सामान खरीदने वालों की संख्या बढ़ी है। वॉलमार्ट में भी इस महीने की शुरुआत से सामान्य दिनों की तुलना में प्रोपेन, बोतलबंद पानी और कैंपिंग से जुड़े सामान की मांग में तेजी देखी गई है।

इस पूरे मामले को पेंटागन की फोर्ट्रेस अमेरिका पहल से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सितंबर के आखिर में घोषित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अमेरिकी सैन्य ठिकानों को ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि किसी बड़े व्यवधान या आपातकालीन परिस्थिति में सेना की बिजली और अन्य जरूरी संसाधनों की आपूर्ति प्रभावित न हो। 30 सितंबर को जारी पेंटागन के निर्देश में सैन्य ठिकानों पर ऊर्जा सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया था।

हालांकि, इस सैन्य योजना का पूरे अमेरिका में 90 दिनों तक बिजली बंद करने से कोई संबंध नहीं बताया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो और दावों में वास्तविक सरकारी पहल को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है। फिलहाल अमेरिका में 90 दिनों तक बिजली आपूर्ति बंद करने या पावर ग्रिड को बंद करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर फैल रही आशंकाओं के कारण आम लोगों में अनावश्यक चिंता और जरूरी सामान की खरीदारी को लेकर होड़ देखने को मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button