स्कूल जाने के जान जोखिम में डाल रहे मासूम,केंद्रीय मंत्री का है संसदीय क्षेत्र

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले का एक वीडियो सामने आया है। यहां मासूम बच्चे स्कूल जाने के लिए नदी पार कर रहे हैं। विदिशा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की संसदीय सीट है।

विदिशा/मध्य प्रदेश। विदिशा जिले में बारिश के मौसम में मासूम बच्चों को नदी पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है। ताजा मामला लटेरी तहसील की धीरगढ़ पंचायत के वीरखेड़ी खुर्द गांव से सामने आया है। यहां चार से सात वर्ष की उम्र के बच्चे स्कूल जाने के लिए नदी पार करते दिखाई दे रहे हैं। बच्चों के नदी पार करने का वीडियो सामने आने के बाद शासन-प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वायरल वीडियो में बच्चे पीठ पर स्कूल बैग लटकाए नदी पार करते नजर आ रहे हैं। हालांकि बच्चों के साथ एक बड़ा व्यक्ति भी मौजूद है, जो उन्हें सावधानीपूर्वक नदी पार करा रहा है। नदी के किनारे भी दो लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण नदी में पानी का स्तर बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
वीडियो में नदी में घुटने तक पानी दिखाई दे रहा है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ने की आशंका रहती है। इसके अलावा नदी में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में छोटे बच्चों का इस तरह नदी पार कर स्कूल जाना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
विदिशा जिले के समीप हाल ही में एक गांव का वीडियो सामने आया था, जिसमें स्कूली बच्चे नदी के बीच बने स्टॉप डैम को छलांग लगाकर पार करते दिखाई दिए थे। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया और बच्चों की समस्या का समाधान करने के लिए संबंधित प्राथमिक विद्यालय को हाई स्कूल में उन्नत कर दिया था। इससे बच्चों को नदी पार कर स्कूल जाने से राहत मिली।
वीरखेड़ी खुर्द गांव में भी बच्चों को स्कूल जाने के लिए नदी पार करनी पड़ रही है। बारिश के महीनों में नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव की स्थिति बनने से परिजन बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। ग्रामीणों की मांग है कि बच्चों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार न करनी पड़े। विदिशा लोकसभा सीट से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सांसद हैं। वह इससे पहले भी विदिशा लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button