मां वैष्णो देवी भवन में श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
विश्व प्रसिद्ध मां वैष्णो देवी भवन परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाया गया।

संवाददाता/सुदेश कुमार
कटड़ा/जम्मू। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री माता वैष्णो देवी भवन परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस श्रद्धा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में एसडीएम भवन अंशुमाली शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और उपस्थित लोगों के साथ राष्ट्रगान में सहभागिता की।
समारोह के दौरान पंडितों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति दी। देशभक्ति गीतों के साथ मां वैष्णो देवी के जयकारों से पूरा भवन परिसर भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी समारोह में भाग लेकर देश के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
मुख्य अतिथि एसडीएम भवन अंशुमाली शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले लाखों स्वतंत्रता सेनानियों को देश सदैव श्रद्धापूर्वक याद करता रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि आजादी के महत्व को समझते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश के विकास और प्रगति में अपनी भूमिका निभाए। सभी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र को आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में तहसीलदार भवन मुकेश थापा, डीएसपी महेश शर्मा, एसएचओ प्रमोद कुमार, मां वैष्णो देवी मंदिर के आरती पुजारी लोकेश पुजारी सहित श्राइन बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। स्थानीय दुकानदारों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के दौरान तिरंगे के सम्मान के साथ श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। मां वैष्णो देवी भवन परिसर में धार्मिक आस्था और राष्ट्रभक्ति का यह संगम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।




