कौशाम्बी में एबीवीपी का प्रदर्शन, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका
कौशाम्बी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका और जेपीएससी एवं जेएसएससी से जुड़े छात्र हित के मुद्दों का पारदर्शी समाधान तथा पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशांबी/उत्तर प्रदेश। झारखंड में जेपीएससी एवं जेएसएससी की परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलनरत विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मंझनपुर मुख्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंककर विरोध जताया और विद्यार्थियों की मांगों का शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि झारखंड में जेपीएससी एवं जेएसएससी की परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कथित अनियमितताओं सहित विभिन्न छात्र हित के मुद्दों को लेकर विद्यार्थी आंदोलन कर रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर विद्यार्थियों ने विधानसभा घेराव का प्रयास किया था, जिसके दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसी कार्रवाई के विरोध में एबीवीपी की ओर से देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया गया है।
जिला संयोजक सुशील सोनकर ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान लाठी और बल प्रयोग से नहीं, बल्कि संवाद एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेपीएससी एवं जेएसएससी से जुड़े छात्र हित के मुद्दों का पारदर्शी और न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
प्रांत कार्यसमिति सदस्य आनंद पटेल ने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज दबाने के बजाय झारखंड सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मांग की कि विद्यार्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही जेपीएससी एवं जेएसएससी से जुड़े छात्र हित के मुद्दों का शीघ्र, पारदर्शी और न्यायपूर्ण समाधान किए जाने की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के किसी भी हिस्से में विद्यार्थियों के अधिकारों और सम्मान के साथ अन्याय होगा तो विद्यार्थी परिषद लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उनकी आवाज उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में जिला संयोजक सुशील सोनकर, प्रांत कार्यसमिति सदस्य आनंद पटेल, नगर मंत्री दीपक राजपूत, अनिल साहू, दिव्य केसरवानी, विराट भट्ट, पवन भट्ट, अनुराग चौरसिया, मयंक, विज्ञांशु, विनीत शर्मा, शिवा त्रिपाठी, जीतू, विवेक, पूर्व जिला संयोजक शिवांशु शुक्ला सहित परिषद के अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।



