सपा कार्यालय के बाहर पोस्टर वार, ‘गायब है’ के जरिए भाजपा सरकार पर साधा निशाना

लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए नए होर्डिंग में भाजपा सरकार पर राम मंदिर चंदे, केदारनाथ सोना, ईवीएम, नीट, कोयला और स्वास्थ्य व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर तंज कसा गया है।

लखनऊ/एजेंसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राजधानी लखनऊ में सियासी पोस्टर वार एक बार फिर तेज होता दिखाई दे रहा है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर शनिवार को लगाए गए नए विशाल होर्डिंग के जरिए सपा नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला है। होर्डिंग में कई मुद्दों का उल्लेख करते हुए हर मामले के साथ ‘गायब है’ लिखकर सरकार पर व्यंग्य किया गया है।
सपा कार्यालय के मुख्य गेट के ठीक बगल में लगाए गए होर्डिंग में राम मंदिर के चंदे, केदारनाथ के सोने, ईवीएम, एथेनॉल, नीट, कोयला, स्वास्थ्य व्यवस्था और मीडिया की कार्यप्रणाली जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया है। होर्डिंग सपा नेता हल्लू रामसुंदर यादव की ओर से लगवाया गया है।
होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में दावा किया गया है कि ‘राम मंदिर का 200 करोड़ का चंदा गायब है’ और ‘केदारनाथ से 228 किलो सोना गायब है’। इसके अलावा चुनाव आयोग से ईवीएम गायब होने, एथेनॉल के नाम पर गाड़ियों का माइलेज गायब होने और नीट में छात्रों का भविष्य गायब होने जैसे राजनीतिक तंज किए गए हैं।
पोस्टर में कोयला मंत्रालय से करोड़ों रुपये का कोयला गायब होने का भी दावा किया गया है। इसके साथ ही देश की स्वास्थ्य व्यवस्था और मीडिया की ईमानदारी पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। होर्डिंग के अंत में व्यंग्यात्मक अंदाज में लिखा गया है कि ‘इसी बीच हमारा विश्व गुरु भी गायब है।’
सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए एक अन्य होर्डिंग में भी भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर निशाना साधा गया है। इसमें कानपुर के विकास दुबे कांड और बुलडोजर कार्रवाई का संदर्भ लेते हुए नारा दिया गया है, ‘अब समय आ गया है- गाड़ी नहीं, सरकार पलटने का।’
होर्डिंग में ‘बुलडोजर नहीं, अहंकार और घमंड पलटने का’ जैसे नारे भी लिखे गए हैं। इसके साथ सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा गया है कि ‘घर उजाड़ने से नहीं, घर बसाने से पहचान बनती है।’
सपा की ओर से लगाए गए पोस्टर में सामाजिक सौहार्द और विकास को लेकर भी संदेश दिए गए हैं। इसमें ‘डर से नहीं, विश्वास से समाज आगे बढ़ता है’, ‘तोड़ने से नहीं, जोड़ने से भविष्य बनता है’ और ‘आइए, निर्माण और विकास की राह चुनें’ जैसे नारे लिखे गए हैं।
होर्डिंग के निचले हिस्से में ‘जनता जागी-सरकार भागी’ का नारा प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। पोस्टर के जरिए सपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक माहौल बनाने और भाजपा सरकार के खिलाफ जनमत तैयार करने का संदेश देने का प्रयास किया है।
पोस्टर लगवाने वाले सपा नेता हल्लू रामसुंदर यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता की जिंदगी से जरूरी चीजें लगातार गायब होती जा रही हैं और लोग विभिन्न समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि होर्डिंग के माध्यम से सरकार को आईना दिखाने की कोशिश की गई है।
हल्लू रामसुंदर यादव के मुताबिक, भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं से जनता के वास्तविक मुद्दे गायब हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।
विधानसभा चुनाव से पहले लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए इन होर्डिंग से प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। चुनावी तैयारियों के साथ ही आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों के बीच पोस्टर और होर्डिंग के जरिए एक-दूसरे पर हमले और तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button