राजस्थान में 183 आरएएस अधिकारियों के तबादले, रिश्वत कांड से चर्चा में आईं पिंकी मीणा को फिर मिली दौसा में पोस्टिंग

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे रिश्वत कांड से चर्चा में आईं आरएएस पिंकी मीणा को एक बार फिर दौसा में ही पोस्टिंग मिल गई है। राजस्थान में 183 आरएएसअधिकारियों के तबादले की लिस्ट में आरएएस पिंकी मीणा की दौसा सहायक कलेक्टर के रूप में वापसी को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है।

जयपुर/एजेंसी। राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 183 राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की है। तबादला सूची में कई जिलों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दौसा जिले में भी कई अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें सबसे अधिक चर्चा आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा की दौसा में दोबारा नियुक्ति को लेकर है।
तबादला सूची के अनुसार पिंकी मीणा को दौसा सहायक कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वर्ष 2021 में वह दौसा जिले के बांदीकुई में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के पद पर तैनात थीं। इसी दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे निर्माण से जुड़े रिश्वत प्रकरण में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई के बाद वह सुर्खियों में आई थीं।
पिंकी मीणा वर्ष 2017 बैच की राजस्थान प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं और उनकी पहली पोस्टिंग दौसा जिले के बांदीकुई में एसडीएम के रूप में हुई थी। रिश्वत प्रकरण में नाम सामने आने के बाद एसीबी ने उन्हें गिरफ्तार किया था। इसके बाद वह लंबे समय तक निलंबित रहीं। 21 मई 2026 को राजस्थान हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद जून 2026 में उन्हें सेवा में बहाल किया गया था। अब नई तबादला सूची में उन्हें एक बार फिर दौसा में प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दौसा में राजीव शर्मा को अतिरिक्त जिला कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं मनोज वर्मा को सिकराय एसडीएम, प्रियंका बडगूजर को मंडावर एसडीएम और प्रेमराज मीणा को महुआ एसडीएम की जिम्मेदारी दी गई है। एकता काबरा को सहायक कलेक्टर बांदीकुई और विष्णु बंसल को सहायक कलेक्टर लालसोट नियुक्त किया गया है।
तबादला सूची में करौली जिले के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। जगदीश प्रसाद गौड़ को हिंडौन एसडीएम, मोहर सिंह मीणा को मंडरायल एसडीएम और राकेश कुमार रावत को करौली एसडीएम नियुक्त किया गया है।
इसी तरह हनुमानगढ़ जिले में श्याम सुंदर बेनीवाल को एसडीएम हनुमानगढ़, बाबूलाल को एसडीएम टिब्बी और शुभम शर्मा को एसडीएम रावतसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
183 आरएएस अधिकारियों के एक साथ हुए तबादलों को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। नई तैनाती के बाद संबंधित जिलों में प्रशासनिक कामकाज और अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button