एक महीने से तालाब में रह रहा 16 वर्षीय किशोर, बाहर निकलते ही शरीर में जलन का दावा

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में 16 साल का एक लड़का लगभग एक महीने से दिन-रात तालाबों में ही रह रहा है। इससे स्थानीय लोग उसकी सेहत को लेकर चिंतित हैं। इकबाल नाम का यह लड़का कहता है कि जब भी वह पानी से बाहर आता है, तो उसे पूरे शरीर में जलन महसूस होती है।

कोलकाता/एजेंसी। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में एक 16 वर्षीय किशोर के करीब एक महीने से लगातार तालाब के पानी में रहने का मामला सामने आया है। किशोर की इस असामान्य स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में उसके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, इकबाल नाम का किशोर सुबह से देर रात तक तालाब में तैरता रहता है। कई बार वह एक तालाब से निकलकर दूसरे तालाब में भी चला जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह पानी में रहते हुए ही खाना खाता है। आसपास के लोग उसके लिए भोजन लेकर पहुंचते हैं, जिसे किशोर तालाब के पानी में ही ग्रहण करता है।
इकबाल का कहना है कि जब वह तालाब से बाहर आता है तो उसके पूरे शरीर में जलन होने लगती है। उसका यह भी दावा है कि उसे ऐसा महसूस होता है जैसे किसी अलौकिक शक्ति ने उसे अपने वश में कर लिया हो और इसी वजह से वह पानी में रहना पसंद करता है।
किशोर की स्थिति को लेकर उसके माता-पिता भी चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि इकबाल को अस्पताल ले जाकर इलाज कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। परिवार का कहना है कि लंबे समय तक इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन और अन्य लोगों से मदद की अपील की है, ताकि किशोर को उचित चिकित्सा सुविधा मिल सके।
चिकित्सकों के अनुसार, लंबे समय तक पानी में रहने से त्वचा संबंधी समस्याओं के साथ फंगल संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। शरीर में लगातार जलन की शिकायत की चिकित्सकीय जांच जरूरी है। यदि इसके साथ असामान्य धारणाएं या भय भी जुड़े हों तो चिकित्सकीय जांच के साथ मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन पर भी विचार किया जा सकता है।
सरकारी एसएसकेएम अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ के मुताबिक, लंबे समय तक पानी में रहने से त्वचा में ‘मेसरेशन’ की स्थिति पैदा हो सकती है। इसमें त्वचा मुलायम और कमजोर हो जाती है तथा उसकी प्राकृतिक सुरक्षा क्षमता प्रभावित होने से जलन, दरार और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इकबाल को तत्काल चिकित्सकीय सहायता की जरूरत है। एक स्थानीय व्यक्ति ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करते हुए किशोर के उचित इलाज की व्यवस्था कराने की अपील की है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि लगातार लंबे समय तक पानी में रहने से किशोर के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button