दयालपुर पुलिस की कार्रवाई: कुख्यात स्नैचर गिरफ्तार, दो वारदातों का खुलासा

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
उत्तर पूर्वी दिल्ली। दयालपुर थाना पुलिस ने स्नैचिंग की दो घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और नकदी से भरा लिफाफा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी आठ आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को थाना दयालपुर में स्नैचिंग की दो अलग-अलग घटनाएं दर्ज की गई थीं। पहली घटना (एफआईआर संख्या 367/26) में पीड़ित कसबर (18 वर्ष) से पी.एल. पब्लिक स्कूल, डी-3 नेहरू विहार, मुस्तफाबाद के पास अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन छीन लिया था। दूसरी घटना (एफआईआर संख्या 371/26) में रिहान (18 वर्ष) से डी-1 नेहरू विहार के पास मोबाइल फोन और ₹5000 की नकदी से भरा लिफाफा छीन लिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दयालपुर की एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल अशोक नागर, जोगेंद्र धामा, गुलफाम सैफी और अमित शामिल थे। टीम ने थाना प्रभारी निरीक्षक परमवीर सिंह दहिया के नेतृत्व में तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहिद उर्फ शाहरुख उर्फ बिल्डर (31 वर्ष), पुत्र मोहम्मद अख्तर, निवासी डी-2, नेहरू विहार, मुस्तफाबाद, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों वारदातों को कबूल कर लिया। उसने बताया कि पहली घटना में छीना गया मोबाइल उसने अपने एक परिचित को दे दिया, जबकि दूसरी घटना में छीना गया मोबाइल फोन और ₹1000 नकद उसके पास से बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से ही लूट, चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट से जुड़े आठ मामलों में शामिल रहा है। पुलिस शेष मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।




