एमएचबी थाना क्षेत्र में 6 घरों में हुई चोरी का हुआ खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह का आरोपी गिरफ्तार

मुंबई के एमएचबी थाना क्षेत्र में हुई 6 घरों में चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कमलजीत सिंह उर्फ सनी को गुजरात के नेयोल चेक पोस्ट से गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 45 लाख रुपये की नकदी और सोने के आभूषण बरामद हुए।

कांती जाधव/महाराष्ट्र स्टेट हेड

मुंबई ब्यूरो। एमएचबी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई सिलसिलेवार घरों में चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कमलजीत कुलजीत सिंह उर्फ सनी (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पूर्व में भी कई थानों में चोरी के मामलों में वांछित रहा है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एमएचबी थाना क्षेत्र में लंबित घरफोड़ चोरी के मामलों की जांच तेज की गई थी। इस दौरान अपराध जांच अधिकारी संदीप वत्रे और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की जांच और अपराध के तरीके (मोडस ऑपेरेंडी) का अध्ययन कर आरोपी की पहचान की।
जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद लगातार स्थान बदल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस टीम ने नवी मुंबई के ऐरोली, टर्भे, वाशी और कोपखैराने क्षेत्रों में दबिश दी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि आरोपी राजस्थान होते हुए जयपुर की ओर भाग रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुजरात पुलिस के सहयोग से नेयोल चेक पोस्ट पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से कुल 329.3 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 44.12 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति, 70,070 रुपये नकद, 24,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन और 20,000 रुपये की कलाई घड़ी बरामद की गई। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 45.26 लाख रुपये बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने एमएचबी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई छह घरफोड़ चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ दादर, माहिम, कालाचौकी, आरसीएफ, धारावी, बायकुला, खेरवाड़ी और मनपाड़ा सहित कई थानों में पहले से ही चोरी के मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शशिकुमार मीना, पुलिस उपायुक्त संदीप घुगे और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। एमएचबी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विवेक सोनावणे और अपराध शाखा के निरीक्षक मिलिंद नागपुरे के नेतृत्व में पुलिस उप-निरीक्षक संदीप वत्रे एवं उनकी टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button