उत्तर-पूर्वी जिले में एएटीएस की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के 372 कोन बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 372 कोन बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के अवैध भंडारण और बिक्री की सूचना पर एएटीएस की टीम ने इंस्पेक्टर दीपक पांडेय के नेतृत्व में और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
6 अगस्त 2026 को कार्रवाई के दौरान ज्योति नगर स्थित डीडीए पार्क के पास से कमरान (20) को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 45 कोन प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना ज्योति नगर में एफआईआर संख्या 355/2026 धारा 223(ए) बीएनएस एवं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में कमरान ने बताया कि उसने यह मांझा गाजियाबाद के लोनी निवासी आकाश और प्रेम कुमार से खरीदा था। इसके आधार पर पुलिस टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आकाश (38) के पास से 46 कोन और प्रेम कुमार (65) के पास से 43 कोन प्रतिबंधित मांझा बरामद किया गया। दोनों आरोपी गाजियाबाद के बेहटा क्षेत्र से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दिल्ली के अशोक नगर क्षेत्र में छापेमारी कर रवि उर्फ गोलू (27) को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 238 कोन चाइनीज मांझा बरामद हुआ। यह मांझा उत्तर-पूर्वी जिले के विभिन्न बाजारों में सप्लाई किया जाना था।
इस अभियान के दौरान कुल 372 कोन प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद कर अवैध कारोबार को बड़ा झटका दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी पहले किसी आपराधिक मामले में शामिल नहीं रहे हैं।
पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और मांझा सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।



