गैस सिलेंडर लीकेज से घर में भीषण आग, घरेलू सामान जलकर राख

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला
फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खखरेरू थाना क्षेत्र के धाता विकास खंड अंतर्गत बसवा गांव में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर में लीकेज होने से एक घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा खाद्यान्न, कपड़े और अन्य आवश्यक घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिलन पुत्र श्यामलाल पासवान के घर में सुबह उनकी बहू रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में लीकेज होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा मेज, कपड़े, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सामग्री जलकर राख हो चुकी थी। आग से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना पर संबंधित लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद पात्रता के अनुसार पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत दिलाने की मांग की है।




