डीएम के निर्देश पर रात में स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, डॉक्टर और स्टाफ नर्स मिले अनुपस्थित

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रात में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रामा सेंटर कछुआ में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और स्टाफ नर्स अनुपस्थित मिले। मौके पर केवल एमटीडब्ल्यू आजाद पटेल मौजूद पाए गए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ओपी वर्मा रात करीब 10 बजे ही स्वास्थ्य केंद्र से चले गए थे। इसके बाद केंद्र पर चिकित्सकीय स्टाफ की मौजूदगी नहीं मिली। रात के समय स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय कर्मचारियों के अनुपस्थित मिलने को अधिकारियों ने गंभीरता से लिया।
मामले में अधीक्षक समेत अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित सभी कर्मचारियों को दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लेने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रात में किए गए औचक निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है।




