मानसरोवर पार्क थाना पुलिस की क्रैक टीम ने पत्नी व बेटी पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

दिल्ली के मानसरोवर पार्क थाना क्षेत्र में पत्नी और बेटी पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी सत्य प्रकाश को पुलिस ने चार दिन में गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

दिल्ली ब्यूरो। शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क थाना पुलिस की क्रैक टीम ने पत्नी और बेटी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के महज चार दिनों के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी सत्या प्रकाश को दबोच लिया। आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को जीटीबी अस्पताल से डीडी नंबर 67A के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक महिला और एक किशोरी को चाकू से घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है। जांच अधिकारी एएसआई विकास कुमार मौके पर पहुंचे, जहां पता चला कि सत्य प्रकाश ने अपनी पत्नी पूनम (38 वर्ष) और बेटी ललिता (15 वर्ष) पर चाकू से हमला किया है। इस संबंध में 2 अगस्त 2026 को थाना मानसरोवर पार्क में एफआईआर संख्या 212/26 धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर राजेश कुमार मिश्रा (एसएचओ थानामानसरोवर पार्क) के नेतृत्व में एसआई उपकार शर्मा, एसआई संदीप बिश्नोई, एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल अनुज और हेड कांस्टेबल प्रदीप की टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी को जगतपुरी रेलवे लाइन पार कर नंद नगरी की ओर जाते हुए देखा गया।
जांच के दौरान 4 अगस्त को रिक्शा चालकों से पूछताछ में आरोपी के गगन सिनेमा के पास देखे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया और मुखबिरों को सक्रिय किया। 5 अगस्त को सूचना मिली कि आरोपी गगन सिनेमा के पास पार्क में घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे गगन सिनेमा पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पत्नी और बेटी से विवाद के बाद उसने गुस्से में आकर चाकू से हमला किया और पुलिस से बचने के लिए फरार हो गया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी सत्य प्रकाश (43 वर्ष) शाहदरा के हरदेवपुरी क्षेत्र का निवासी है और पेशे से ई-रिक्शा चालक है। पुलिस के अनुसार वह शराब का आदी है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button