पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर खर्च में पांच गुना बढ़ोतरी, 2021 से अब तक 550 करोड़ रुपये से अधिक व्यय
राज्यसभा में विदेश मंत्रालय ने बताया कि 2021 से पीएम मोदी की विदेश यात्राओं का खर्च पांच गुना बढ़कर 180 करोड़ रुपये हो गया है।

नई दिल्ली/एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश यात्राओं पर होने वाले खर्च को लेकर संसद में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को राज्यसभा में बताया कि वर्ष 2021 के बाद से प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर होने वाला वार्षिक खर्च करीब पांच गुना बढ़ गया है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर 36 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुआ था, जो बढ़कर वर्ष 2025 में 180 करोड़ रुपये से अधिक हो गया। विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा ने लिखित उत्तर में बताया कि वर्ष 2021 से अब तक प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर कुल खर्च 550 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।
साल 2026 में अब तक 74.58 करोड़ रुपये से अधिक खर्च दर्ज किया गया है। हालांकि मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कुछ आंकड़े अभी अस्थायी हैं और जून में हुई फ्रांस यात्रा का खर्च अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, इस वर्ष शामिल किए गए दौरों में मई महीने में प्रधानमंत्री के पांच देशों के दौरे के दौरान नॉर्वे यात्रा पर सबसे अधिक 17.46 करोड़ रुपये खर्च हुए। विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2022 में 55 करोड़ रुपये, 2023 में 93 करोड़ रुपये और 2024 में 109 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुआ।
विदेश मंत्रालय ने इस बढ़ते खर्च का बचाव करते हुए कहा कि जुलाई 2021 से अब तक विदेश यात्राओं के दौरान 316 एमओयू और समझौते किए गए हैं। इन समझौतों में रक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, अंतरिक्ष सहयोग, मोबिलिटी और माइग्रेशन, जलवायु परिवर्तन तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि अप्रैल 2021 से दिसंबर 2025 के बीच भारत को 381.8 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्राप्त हुआ, जो इन कूटनीतिक प्रयासों का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।





