45 मिनट में पांच प्लेट बिरयानी खाकर ‘द बिरयानी मैन 2026’ बने प्रमित दास,अब जिंदगी भर फ्री में खाएगा

कोलकाता में एक शख्स ने सिर्फ 45 मिनट में मटन बिरयानी की पांच प्लेटें खाकर 'द बिरयानी मैन 2026' का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। उनके इस कारनामे ने साथ में मुकाबला करने वालों और दर्शकों को हैरान कर दिया। पूरे देश से चुने गए 25 लोगों के बीच यह दिलचस्प मुकाबला था।

कोलकाता/एजेंसी। बिरयानी के प्रति कोलकाता के लोगों का प्रेम एक बार फिर देखने को मिला, जब शहर में आयोजित एक अनोखी खाने की प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी भूख और जुनून का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में प्रमित कुमार दास ने मात्र 45 मिनट में मटन बिरयानी की पांच प्लेटें खाकर ‘द बिरयानी मैन 2026’ का खिताब अपने नाम कर लिया।

यह प्रतियोगिता शहर के प्रसिद्ध शिराज़ गोल्डन रेस्टोरेंट की 85वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित की गई थी। 1 जुलाई से 21 जुलाई तक चले देशव्यापी पंजीकरण अभियान के बाद 25 प्रतिभागियों को फाइनल के लिए चुना गया। फाइनल में पहुंचने वाले प्रतिभागियों का चयन लकी ड्रॉ के माध्यम से किया गया था।

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार, स्कोरिंग के लिए प्रतिभागियों को कम से कम दो प्लेट बिरयानी समाप्त करनी अनिवार्य थी। कड़े मुकाबले के बीच प्रमित कुमार दास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच प्लेट बिरयानी खत्म कर विजेता का खिताब हासिल किया।

विजेता को पुरस्कार स्वरूप आजीवन मुफ्त बिरयानी का विशेष कार्ड प्रदान किया गया है, जिसके तहत वे हर सप्ताह रेस्टोरेंट के किसी भी आउटलेट पर एक प्लेट मटन बिरयानी मुफ्त में प्राप्त कर सकेंगे। वहीं अन्य 24 फाइनलिस्ट को तीन वर्षों के लिए ‘शिराज़ लॉयल्टी कार्ड’ दिया गया, जिससे उन्हें रेस्टोरेंट के सभी आउटलेट्स पर खाने-पीने में विशेष छूट मिलेगी।

कोलकाता की खाद्य संस्कृति में बिरयानी का विशेष स्थान है, और इस तरह के आयोजन शहर के लोगों के इस प्रेम को और भी खास बना देते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button