पुराने कपड़ों के दान से बनेगी स्वच्छ और हरित दिल्ली, ‘अर्पण’ केंद्र का शुभारंभ
दिल्ली सरकार ने राजधानी को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए 'अर्पण' नामक पुराने कपड़ों के दान केंद्र का उद्घाटन किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पंजाबी बाग वेस्ट मेट्रो स्टेशन पर शुरू की गई यह पहल वैज्ञानिक वेस्ट मैनेजमेंट और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देगी।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली को स्वच्छ, हरित और सतत बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक नई पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को पंजाबी बाग वेस्ट मेट्रो स्टेशन पर पुराने कपड़ों के विशेष दान केंद्र ‘अर्पण’ का उद्घाटन किया। यह पहल वैज्ञानिक वेस्ट मैनेजमेंट और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपने पुराने लेकिन उपयोग योग्य कपड़ों को कचरे में फेंकने के बजाय दान करने के लिए प्रेरित करना है। एकत्रित किए गए कपड़ों का पुन: उपयोग, पुनर्चक्रण और अपसाइक्लिंग किया जाएगा, जिससे वस्त्र अपशिष्ट में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा। साथ ही यह पहल समाज में जिम्मेदार उपभोग की आदत को भी प्रोत्साहित करेगी।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के सहयोग से पहले चरण में राजधानी के 10 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर ‘अर्पण’ दान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इससे यात्री अपनी दैनिक यात्रा के दौरान आसानी से अपने पुराने कपड़े इन केंद्रों पर जमा करा सकेंगे।
उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों में रखे अनुपयोगी लेकिन उपयोग के योग्य कपड़ों को दान करें और स्वच्छ, हरित एवं समृद्ध दिल्ली के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस पहल को राजधानी में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहयोग की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।




