42 लाख रुपये के मुआवजे के लिए भाई ने पत्नी संग मिलकर की बहन की हत्या, ईंट से वारकर उतारा मौत के घाट
बाराबंकी में आंगनबाड़ी कार्यकत्री मंजू की नृशंस हत्या उसके भाई और भाभी ने की। हत्या का कारण मंजू को मिले 42 लाख रुपये का मुआवजा था। संदीप और शीतल ने मंजू की हत्या की योजना बनाई और उसे खाना बनाते समय ईंट से मारा।

बाराबंकी,उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में 42 लाख रुपये के मुआवजे की रकम में हिस्सा न देना पड़े, इसके लिए एक भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर आंगनबाड़ी कार्यकत्री बहन की हत्या कर दी। रामनगर थाना क्षेत्र के महादेवा में हुई इस सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी भाई संदीप और उसकी पत्नी शीतल उर्फ मायावती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, महादेवा निवासी आंगनबाड़ी कार्यकत्री मंजू का शव उसके घर में खून से लथपथ हालत में मिला था। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। मृतका की बहन वंदना पत्नी ओमप्रकाश निवासी बिंदौरा परसपुर ने एक नवंबर को रामनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मंजू की हत्या उसके भाई संदीप और भाभी शीतल ने ईंट से वारकर की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 448/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने स्वाट, सर्विलांस और रामनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की थीं। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी ने बताया कि मैनुअल इंटेलिजेंस और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए मंगलवार को गजपतिपुर मोड़ के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महादेवा कॉरिडोर परियोजना के तहत आरोपियों का मकान प्रभावित हुआ था, जिसके बदले करीब 42 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। पुलिस के अनुसार, संदीप इस रकम में अपनी बहन मंजू को हिस्सा नहीं देना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और रंजिश चल रही थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते संदीप और उसकी पत्नी शीतल ने मंजू की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर की दोपहर मंजू घर की रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान संदीप और शीतल ने कथित तौर पर रसोई में रखी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण मंजू की मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी घर का दरवाजा बंद कर वहां से चले गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद कर ली है।
अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी ने बताया कि आरोपी संदीप के खिलाफ पहले से मारपीट, धमकी और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। उसकी पत्नी शीतल उर्फ मायावती के खिलाफ भी पूर्व में दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस इन आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में स्वाट प्रभारी अंकित त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी अजय सिंह और रामनगर थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह सहित संबंधित पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।




