युवती से छेड़छाड़ के आरोप पर भड़के सिद्धार्थ विहार के निवासी, शराब ठेका बंद कराने को लेकर हंगामा

सिद्धार्थ विहार में शराब ठेके के बाहर युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया। स्थानीय रेजिडेंट्स ने इस घटना के विरोध में सड़क पर प्रदर्शन किया। लोगों ने कार्रवाई न करने को लेकर पुलिस पर आरोप लगाए। प्रदर्शन के दौरान रेजिडेंट्स ने शराब ठेका बंद करने की मांग की।

गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ विहार सेक्टर-7 में शराब की दुकान के बाहर युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों में आक्रोश फैल गया। विरोध में बड़ी संख्या में रेजिडेंट्स सड़क पर उतर आए और शराब का ठेका बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की तीखी नोकझोंक भी हुई। लोगों ने क्षेत्र में संचालित शराब की दुकानों पर नियमों के उल्लंघन और देर रात तक शराब बिक्री के आरोप लगाते हुए पुलिस तथा आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, सेक्टर-7 स्थित ओपस मॉल में विंटेज वाइन शॉप संचालित है। आरोप है कि दुकान के बाहर प्रतिदिन शाम होते ही शराब पीने वालों का जमावड़ा लग जाता है। बीती रात कार से आए कुछ लोगों ने पास की सोसायटी में रहने वाली एक युवती के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलते ही सोसायटी के लोग एकजुट हो गए और शराब की दुकान के बाहर विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और ठेका बंद कराने की मांग करने लगे।

प्रदर्शन और हंगामे की सूचना पर विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन निवासी अपनी मांग पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई। लोगों का आरोप था कि शराब की दुकान के बाहर रोजाना असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। विरोध कर रहे लोग धरने पर बैठ गए और दुकान के बाहर नारेबाजी की। उन्होंने शराब खरीदने पहुंचे ग्राहकों को भी वापस लौटा दिया।

रेजिडेंट्स का कहना है कि सिद्धार्थ विहार के सेक्टर-7 और सेक्टर-9 में विंटेज वाइन शॉप तथा कंपोजिट वाइन शॉप संचालित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि रिहायशी इलाके में शराब की दुकानों को किन नियमों और मानकों के तहत अनुमति दी गई है। निवासियों ने आरोप लगाया कि दोनों दुकानों पर रात 10 बजे के बाद भी शराब की बिक्री की जाती है। इतना ही नहीं, दुकान के सेल्समैन पर छोटे बच्चों के माध्यम से शराब की बोतलों की घर तक आपूर्ति कराने का भी आरोप लगाया गया है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस और आबकारी विभाग पर इन गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने दोनों शराब दुकानों की जांच कराने, निर्धारित समय के बाद बिक्री पर रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही रिहायशी क्षेत्र में संचालित दुकानों को बंद कराने की मांग दोहराई।

घटना के बाद सिद्धार्थ विहार के निवासियों ने साफ किया कि महिलाओं और परिवारों की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर उनका विरोध जारी रहेगा। फिलहाल युवती से कथित छेड़छाड़ के मामले और शराब दुकानों के संचालन को लेकर लगाए गए आरोपों पर संबंधित विभागों की कार्रवाई का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button