महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढही, 10 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में बड़ा हादसा हो गया। नारपोली स्थित भंडारी कंपाउंड में एक चार मंजिला कोहिनूर इमारत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया।

कांती जाधव/महाराष्ट्र स्टेट हेड

मुंबई ब्यूरो। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में चार मंजिला कोहिनूर इमारत का हिस्सा ढह जाने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। यह हादसा नारपोली स्थित भंडारी कंपाउंड में हुआ, जहां अचानक इमारत का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, फायर ब्रिगेड तथा एनडीआरएफ और ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। विशेष उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास जारी है।
स्थानीय विधायक महेश चौगुले के अनुसार, संबंधित इमारत को पहले ही नगर निगम द्वारा ‘सी-कैटेगरी’ (अत्यंत जर्जर और खतरनाक) घोषित किया जा चुका था और इसे खाली भी करा लिया गया था। बावजूद इसके, हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत कार्य चल रहा था, जहां कुछ मजदूर मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में दबे अधिकांश लोग वही मजदूर हो सकते हैं।
राहत कार्य के दौरान एनडीआरएफ टीम को एक महिला को जीवित निकालने में सफलता मिली, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, बचाव अभियान के दौरान एनडीआरएफ के एक असिस्टेंट कमांडेंट के घायल होने की भी सूचना है। अधिकारियों के अनुसार, मलबे में अभी भी तीन से चार लोगों के दबे होने की आशंका बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से कुछ घंटे पहले इमारत से चटकने की आवाजें आ रही थीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने कुछ परिवारों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन कुछ लोग अंदर ही रह गए और हादसे का शिकार हो गए।
ठाणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के डिजास्टर मैनेजमेंट सेल ने भी पुष्टि की है कि इमारत को पहले ही असुरक्षित घोषित किया गया था। इसके बावजूद वहां मरम्मत कार्य जारी रहना हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
इस बीच, कलेक्टर अधिकारी कृष्णा पांचाल मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, जबकि महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन के भी घटनास्थल का दौरा करने की संभावना है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए इसे अत्यंत दुखद बताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही, उन्होंने म्युनिसिपल कमिश्नर को तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बचाव अभियान अभी जारी है और प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटना की विस्तृत जांच बचाव कार्य पूरा होने के बाद की जाएगी।

PTI07_31_2026_000066B

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button