तीन दिन से लापता मासूम का तालाब किनारे मिला शव, हत्या की आशंका

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशांबी/उत्तर प्रदेश। चरवा थाना क्षेत्र के सिरयावां मलाक गांव स्थित तलरी तालाब के किनारे तीन दिन से लापता एक मासूम बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तालाब किनारे जानवरों को शव खींचते हुए देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत एवं क्षेत्राधिकारी चायल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि मासूम 27 जुलाई को रिश्तेदारी में आया था, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया था, जो लगातार दो दिनों तक खोजबीन में लगी रहीं। हालांकि तीसरे दिन उसका शव तालाब किनारे बरामद हुआ।
घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि बच्चे की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या, दुर्घटना सहित सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




