सीजेपी आंदोलन की सफलता के बाद अभिजीत दिपके चर्चा में, शादी के रिश्तों की आई बाढ़
जंतर-मंतर आंदोलन की सफलता के बाद अभिजीत दिपके की लोकप्रियता बढ़ गई है। उनकी मां अनीता दिपके ने खुलासा किया कि शादी के लिए रिश्तों की बाढ़ आ गई है।

पुणे/महाराष्ट्र। जंतर-मंतर पर चले ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन के समाप्त होने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल अभिजीत दिपके इन दिनों सुर्खियों में हैं। आंदोलन की सफलता के साथ ही सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है, जिसका असर अब उनके निजी जीवन पर भी दिखाई देने लगा है।
अभिजीत दिपके की मां अनीता दिपके ने एक मराठी न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कार में बताया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद उनके बेटे को लेकर लोगों में खासा आकर्षण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अभिजीत की शादी के लिए बड़ी संख्या में रिश्ते आ रहे हैं और लगातार फोन कॉल्स मिल रहे हैं। उनके अनुसार, पहले भी कुछ रिश्ते आते थे, लेकिन अब यह संख्या काफी बढ़ गई है।
जब अभिजीत की शादी को लेकर सवाल किया गया तो अनीता दिपके ने मुस्कुराते हुए कहा कि फिलहाल इस पर कोई जल्दबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि “शादी जब होनी होगी, तब देखी जाएगी। अभी उसे इस पूरे माहौल से बाहर आने का समय दिया जाना चाहिए।”
अपनी भावी बहू को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बताया कि पहले उनकी इच्छा थी कि बहू सीधी-सादी हो, लेकिन अब उनका नजरिया बदल गया है। उन्होंने कहा कि अभिजीत जिस मुकाम पर पहुंच चुका है, वह अपने जीवनसाथी का चुनाव स्वयं करेगा और परिवार उसके निर्णय का सम्मान करेगा।
अनीता दिपके ने स्पष्ट किया कि बदलते समय के साथ सोच भी बदल रही है और अब अभिजीत जिसे पसंद करेंगे, परिवार उसी रिश्ते को स्वीकार करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से किसी प्रकार की कोई पाबंदी नहीं होगी।
सीजेपी आंदोलन की सफलता के बाद अभिजीत दिपके की बढ़ती लोकप्रियता यह दर्शाती है कि युवा नेतृत्व को लेकर समाज में नई सोच और रुचि विकसित हो रही है।




