दादर में प्रदर्शन पर कार्रवाई, 50 से से ज्यादा छात्रों के खिलाफ केस दर्ज, कई हिरासत में
नीट-यूजी में कथित अनियमितता को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग हो रही है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हो रहे हैं। 'कॉकरोच जनता पार्टी' के इस प्रदर्शन में सोनम वांगचुक के बाद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दल शामिल हो गए हैं। मुंबई में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं।

कांती जाधव/महाराष्ट्र स्टेट हेड
मुंबई ब्यूरो। दादर स्थित चैत्यभूमि परिसर में सोनम वांगचुक के समर्थन में हुए प्रदर्शन के बाद मुंबई पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक प्रदर्शनकारियों और आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिम और शिवाजी पार्क पुलिस थानों में दर्ज मामलों में कई छात्रों को हिरासत में लिया गया है, जिन्हें बाद में जांच के लिए नोटिस जारी किए गए।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी और उस समय क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए उन्हें हिरासत में लिया।
सूत्रों के मुताबिक, महिम पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189(2), 189(3), 189(5), 223 के साथ-साथ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी दिल्ली में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को भूख हड़ताल से हटाए जाने के विरोध में एकत्र हुए थे। इसके साथ ही वे नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें विरोध स्थल से हटाकर हिरासत में ले लिया।
इसी बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर पर अपने विरोध प्रदर्शन को तेज करने का ऐलान किया है और केंद्र सरकार व दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और शांतिपूर्ण आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया।
शहर के अन्य हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिले। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया, जिसमें पार्टी अध्यक्ष राज ठाकरे की पत्नी शर्मिला ठाकरे भी शामिल हुईं। वहीं, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के कार्यकर्ताओं ने मरोल और डोंगरी क्षेत्रों में अलग से विरोध जताया।
चेंबूर स्थित सिद्धार्थ कॉलोनी के निवासियों ने भी परीक्षा में गड़बड़ियों के विरोध में दिल्ली में चल रहे आंदोलन के समर्थन में मार्च निकाला और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को जाम करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने समय रहते उन्हें रोक दिया और यातायात बाधित नहीं होने दिया।
एक अधिकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ समय के लिए तीखी बहस हुई, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि, पुलिस की सतर्कता के चलते स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।




